IPL 2027 Trade News: : गुजरात टाइटंस में शामिल होंगे हर्षल पटेल, SRH से 4 करोड़ रुपये में हुआ बड़ा ट्रेड!

IPL 2027: Harshal Patel to join Gujarat Titans; major trade deal struck with SRH for Rs 4 crore!
 
हर्षल पटेल

IPL 2027 Trade News: आईपीएल के अगले सीजन से पहले खिलाड़ियों की अदला-बदली का सिलसिला तेज हो गया है। इसी कड़ी में सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज हर्षल पटेल गुजरात टाइटंस का हिस्सा बनने जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों फ्रेंचाइजी के बीच 4 करोड़ रुपये में कैश ट्रेड पर सहमति बनी है।

आईपीएल 2027 से पहले एक और बड़ा खिलाड़ी ट्रेड चर्चा में है। दो बार पर्पल कैप अपने नाम कर चुके अनुभवी तेज गेंदबाज हर्षल पटेल अब सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का साथ छोड़कर गुजरात टाइटंस (GT) की जर्सी में नजर आ सकते हैं। बताया जा रहा है कि गुजरात टाइटंस ने उन्हें 4 करोड़ रुपये की ट्रेड डील के तहत अपनी टीम में शामिल करने का फैसला किया है।

खास बात यह है कि हर्षल पटेल को सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में 8 करोड़ रुपये खर्च करके खरीदा था। अब वह आधी कीमत यानी 4 करोड़ रुपये में नई टीम का हिस्सा बनने जा रहे हैं।

4 करोड़ रुपये में गुजरात टाइटंस से जुड़ेंगे हर्षल पटेल

ESPNcricinfo की रिपोर्ट के अनुसार, सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस के बीच हर्षल पटेल को लेकर कैश ट्रेड पर सहमति बनी है। इस सौदे के तहत गुजरात की टीम 4 करोड़ रुपये देकर अनुभवी गेंदबाज को अपने साथ जोड़ेगी।

इस ट्रेड के बाद गुजरात टाइटंस के ऑक्शन पर्स में 4 करोड़ रुपये की कटौती होगी। गौरतलब है कि 2025 के मेगा ऑक्शन में SRH ने हर्षल को 8 करोड़ रुपये में खरीदा था। ऐसे में आईपीएल 2027 से पहले उनकी टीम बदलना काफी चर्चा में है।

IPL में पांचवीं फ्रेंचाइजी के लिए खेलेंगे हर्षल

गुजरात टाइटंस हर्षल पटेल की आईपीएल करियर की पांचवीं फ्रेंचाइजी होगी। इससे पहले वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), दिल्ली कैपिटल्स (DC), पंजाब किंग्स (PBKS) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

हर्षल के आईपीएल करियर में दो सीजन बेहद खास रहे हैं। साल 2021 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए उन्होंने 32 विकेट हासिल किए थे। इसके बाद 2024 में पंजाब किंग्स के लिए 24 विकेट लेकर एक बार फिर पर्पल कैप पर कब्जा जमाया। इस तरह वह दो अलग-अलग सीजन में आईपीएल के सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बने।

IPL 2026 में नहीं चला हर्षल पटेल का जादू

हर्षल पटेल के लिए आईपीएल 2026 का सीजन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। पिछले सीजन में उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से केवल पांच मुकाबलों में खेलने का अवसर मिला। इन मैचों में वह एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके और उनकी इकॉनमी रेट 10.82 रही।

इसके उलट आईपीएल 2025 में उन्होंने 13 मुकाबलों में 16 विकेट चटकाए थे। हालांकि उनकी इकॉनमी 9.80 रही थी। आईपीएल 2026 में युवा गेंदबाजों प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन को अधिक मौके मिलने के कारण हर्षल की भूमिका सीमित हो गई थी।

पहले भी हर्षल पर बड़ी बोली लगा चुकी है गुजरात टाइटंस

हर्षल पटेल के लिए गुजरात टाइटंस की दिलचस्पी नई नहीं है। साल 2024 की आईपीएल नीलामी में गुजरात की टीम ने उन्हें खरीदने के लिए 10.5 करोड़ रुपये तक बोली लगाई थी, लेकिन अंत में पंजाब किंग्स ने 11.75 करोड़ रुपये की बोली लगाकर उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया था।

इसके बाद 2025 के मेगा ऑक्शन में भी गुजरात टाइटंस ने हर्षल के लिए 6.5 करोड़ रुपये तक बोली लगाई थी, लेकिन उस समय भी वह उन्हें खरीदने में सफल नहीं रही। हर्षल पटेल गुजरात से ताल्लुक रखते हैं और घरेलू क्रिकेट में भी गुजरात का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। अब इस ट्रेड के जरिए उन्हें अपनी घरेलू टीम की फ्रेंचाइजी से जुड़ने का अवसर मिल सकता है।

गुजरात की गेंदबाजी को मिलेगी मजबूती

गुजरात टाइटंस की तेज गेंदबाजी इकाई में कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और जेसन होल्डर जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ हर्षल पटेल का जुड़ना टीम के गेंदबाजी विकल्पों को बढ़ा सकता है। हर्षल अपनी धीमी गेंदों, विविधता और डेथ ओवरों में गेंदबाजी के लिए पहचाने जाते हैं। ऐसे में गुजरात टाइटंस को आईपीएल 2027 में उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। अब देखना होगा कि नई टीम में हर्षल किस तरह वापसी करते हैं और क्या एक बार फिर पर्पल कैप की दौड़ में शामिल हो पाते हैं।

Tags