ishaan kishan ne racha khas record, ईशान किशन ने रचा खास रिकॉर्ड, सचिन-रोहित के क्लब में हुए शामिल; एक साल में 50 छक्के लगाने वाले बने 7वें भारतीय
Afghanistan vs India, 1st T20I : अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में भारतीय टीम ने 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। 157 रन के लक्ष्य को भारत ने महज 13.4 ओवर में हासिल कर लिया। अभिषेक शर्मा ने 82 रन की तूफानी पारी खेलकर जीत की नींव रखी, जबकि ईशान किशन ने 42 रन बनाकर उनका बेहतरीन साथ दिया।
हालांकि ईशान अपनी पारी को अर्धशतक में तब्दील नहीं कर सके, लेकिन 42 रन की इस पारी के दौरान उन्होंने एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली। ईशान अब एक कैलेंडर वर्ष में इंटरनेशनल क्रिकेट में 50 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ियों के विशेष क्लब में शामिल हो गए हैं।
सचिन और रोहित जैसे दिग्गजों की सूची में ईशान
साल 2026 में ईशान किशन का बल्ला लगातार रन बरसा रहा है। अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले में 42 रन की पारी के साथ उन्होंने अपने नाम एक और खास रिकॉर्ड जोड़ लिया। एक कैलेंडर ईयर में 50 या उससे अधिक छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में सचिन तेंदुलकर, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल और अभिषेक शर्मा जैसे नाम शामिल हैं। अब ईशान किशन भी इस सूची का हिस्सा बन गए हैं।
एक साल में 50+ छक्के लगाने वाले भारतीय
- सचिन तेंदुलकर — 51 छक्के, 1998
- रोहित शर्मा — 65 छक्के, 2017
- रोहित शर्मा — 74 छक्के, 2018
- रोहित शर्मा — 78 छक्के, 2019
- सूर्यकुमार यादव — 74 छक्के, 2022
- रोहित शर्मा — 80 छक्के, 2023
- सूर्यकुमार यादव — 56 छक्के, 2023
- शुभमन गिल — 58 छक्के, 2023
- यशस्वी जायसवाल — 52 छक्के, 2024
- अभिषेक शर्मा — 54 छक्के, 2025
- ईशान किशन — 50 छक्के, 2026*
2026 में ईशान का बल्ला जमकर बोल रहा
लंबे समय बाद भारतीय टीम में वापसी करने के बाद ईशान किशन ने शानदार फॉर्म दिखाया है। 2026 में वह लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन कर रहे हैं और टी20 क्रिकेट में टीम के लिए अहम बल्लेबाज बनकर उभरे हैं।अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 में भी उन्होंने 33 गेंदों पर 42 रन बनाए। उनकी पारी ने अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर भारत के लक्ष्य का पीछा आसान कर दिया। दोनों के बीच हुई साझेदारी ने अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया और भारत ने 38 गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया।
एशियन गेम्स से पहले फॉर्म बनी अहम कड़ी
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला 15 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद सीरीज का तीसरा मैच 17 सितंबर को होगा। यह सीरीज आगामी एशियन गेम्स की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ईशान किशन के लिए इस सीरीज में लगातार अच्छी बल्लेबाजी करना अहम होगा। पहले मुकाबले में 42 रन की पारी के बाद अब उनकी नजर अगले मैच में बड़ी पारी खेलने पर होगी।
