IND vs PAK, T20 World Cup 2026: जानिए पाकिस्तान ने भारत से मैच खेलने के लिए ICC के सामने रखी 3 मांगे
बैठक में बांग्लादेश की ओर से BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम मौजूद रहे, जबकि ICC के डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा विशेष रूप से लाहौर पहुंचे। इस दौरान भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर बने गतिरोध पर लंबी चर्चा हुई और समाधान निकालने के संभावित रास्तों पर विचार किया गया।
PCB ने सामने रखीं तीन प्रमुख शर्तें
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ICC के समक्ष तीन अहम मांगें रखीं। इनमें वर्ल्ड कप रेवेन्यू में अधिक हिस्सेदारी, भारत के साथ द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज की बहाली और मैच के बाद हैंडशेक प्रोटोकॉल के पालन की बात शामिल है।
उधर, टूर्नामेंट से बाहर किए गए बांग्लादेश की ओर से भी मुआवजे को लेकर मांग उठाए जाने की संभावना जताई जा रही है। इन मांगों से यह संकेत मिलता है कि पाकिस्तान भारत के खिलाफ मुकाबला खेलने को तैयार तो है, लेकिन अपनी शर्तों के साथ। हालांकि, यह भी स्पष्ट है कि द्विपक्षीय सीरीज ICC के अधिकार क्षेत्र से बाहर होती हैं और हैंडशेक जैसी परंपराएं किसी भी तरह से बाध्यकारी नहीं हैं।
बांग्लादेश से शुरू हुआ विवाद
इस पूरे मामले की जड़ बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का वह फैसला माना जा रहा है, जिसमें उसने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में अपने टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलने से इनकार कर दिया था और वेन्यू बदलने की मांग की थी। ICC ने बांग्लादेश के इस अनुरोध को स्वीकार नहीं किया, जिसके बाद उसे टूर्नामेंट से बाहर कर स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया गया।इसके बाद पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में भारत के खिलाफ कोलंबो में होने वाले मुकाबले का बहिष्कार करने की चेतावनी दी, जिससे विवाद और अधिक गहरा हो गया।
श्रीलंका ने जताई कड़ी आपत्ति
भारत-पाकिस्तान मैच के संभावित बहिष्कार को लेकर श्रीलंका ने भी सख्त प्रतिक्रिया दी है। श्रीलंका का कहना है कि अगर यह हाई-वोल्टेज मुकाबला रद्द होता है, तो देश के पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है। इसके साथ ही श्रीलंका ने पाकिस्तान को उसका वह दौर भी याद दिलाया, जब उसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अलग-थलग किया गया था और श्रीलंका की टीम ने पाकिस्तान में क्रिकेट की वापसी में अहम भूमिका निभाई थी।
