जोस बटलर ने रचा इतिहास, क्रिस गेल को पछाड़ T20 क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने

The Hundred: Jos Buttler makes history, surpassing Chris Gayle to become the second-highest run-scorer in T20 cricket.
 
The Hundred: Jos Buttler

The Hundred 2026 : इंग्लैंड के विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर ने टी20 क्रिकेट में एक और बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। इंग्लैंड में खेली जा रही 'द हंड्रेड' (The Hundred) प्रतियोगिता में मैनचेस्टर सुपर जाएंट्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया है। अब बटलर टी20 क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। 23 जुलाई को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर लंदन स्पिरिट के खिलाफ खेले गए मुकाबले में बटलर ने 16 रनों की छोटी लेकिन ऐतिहासिक पारी खेली। इस मैच में मैनचेस्टर सुपर जाएंट्स ने 7 रनों से रोमांचक जीत दर्ज की।

अब सिर्फ कायरन पोलार्ड से पीछे हैं बटलर

विश्वभर की विभिन्न टी20 लीग्स में अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवा चुके जोस बटलर ने अब तक खेले 517 टी20 मुकाबलों की 487 पारियों में 35.02 की औसत से कुल 14,572 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 9 शतक और 102 अर्धशतक निकले हैं। इस उपलब्धि के साथ बटलर ने 'यूनिवर्स बॉस' क्रिस गेल (14,562 रन) को पछाड़ दिया है। टी20 क्रिकेट में अब उनसे आगे सिर्फ वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर कायरन पोलार्ड हैं, जिनके नाम 14,803 रन दर्ज हैं।

टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज

  1. कायरन पोलार्ड (वेस्टइंडीज): 14,803 रन

  2. जोस बटलर (इंग्लैंड): 14,572 रन

  3. क्रिस गेल (वेस्टइंडीज): 14,562 रन

  4. एलेक्स हेल्स (इंग्लैंड): 14,449 रन

  5. डेविड वॉर्नर (ऑस्ट्रेलिया): 14,284 रन

भारत की ओर से विराट कोहली हैं टॉप पर

भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो टी20 फॉर्मेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है। कोहली ने 430 मैचों की 413 पारियों में 42.44 की शानदार औसत से 14,218 रन बनाए हैं और वह विश्व सूची में छठे स्थान पर मौजूद हैं।

Tags