Khelo India Winter Games 2026 : लद्दाख ने महिला शॉर्ट ट्रैक रिले में जीता ऐतिहासिक पहला स्वर्ण
Khelo India Winter Games 2026 । मेज़बान लद्दाख ने खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2026 में शनिवार को इतिहास रच दिया, जब उसकी महिला टीम ने नवांग दोरजे स्टोबदान (एनडीएस) स्टेडियम में आयोजित 2000 मीटर शॉर्ट ट्रैक रिले में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का पहला स्वर्ण अपने नाम किया।
वहीं, हरियाणा के स्केटर सचिन सिंह और तेलंगाना की नयना श्री तल्लुरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में अपनी चमक बिखेरी। महिला रिले में स्वर्ण जीत के साथ ही लद्दाख पदक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया, जबकि हरियाणा ने शॉर्ट ट्रैक स्केटिंग में दो और स्वर्ण जीतकर कुल चार स्वर्ण पदकों के साथ शीर्ष स्थान बरकरार रखा।
लद्दाख की ऐतिहासिक जीत
लद्दाख की टीम—स्कर्मा त्सुल्तिम, शबाना ज़ारा, तस्निया शमीम और इंशा फातिमा—ने कर्नाटक और महाराष्ट्र की मजबूत टीमों को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की। कई गिरावटों और टक्करों से भरी इस रोमांचक रेस में लद्दाख की स्केटर्स ने जबरदस्त जुझारूपन दिखाया और अंततः स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहीं।
सचिन सिंह का दबदबा, हरियाणा को दो स्वर्ण
हरियाणा के 26 वर्षीय सचिन सिंह दिन के सबसे सफल खिलाड़ी रहे। उन्होंने पहले पुरुषों की 500 मीटर शॉर्ट ट्रैक स्पर्धा में स्वर्ण जीता और फिर 3000 मीटर शॉर्ट ट्रैक रिले में अपनी टीम को कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश से आगे रखते हुए दूसरा स्वर्ण दिलाया। इसके साथ ही सचिन, खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2026 में दो स्वर्ण जीतने वाले पहले स्केटर बन गए।
साई मीडिया से बातचीत में सचिन ने कहा,यह मेरी पहली राष्ट्रीय स्तर की स्वर्ण पदक जीत है। हरियाणा का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व की बात है। मेरे कोच, मैनेजर दीपक कोहार और हरियाणा एसोसिएशन का सहयोग इस सफलता की नींव है।”सचिन वर्तमान में देहरादून स्थित यंगस्टर्स अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
नयना श्री तल्लुरी का लगातार चौथा स्वर्ण
तेलंगाना की 17 वर्षीय नयना श्री तल्लुरी ने महिला 500 मीटर शॉर्ट ट्रैक में स्वर्ण जीतकर खेलो इंडिया विंटर गेम्स में अपनी बादशाहत कायम रखी। यह इस स्पर्धा में उनका लगातार चौथा स्वर्ण पदक है। नयना ने कहा,चार साल लगातार स्वर्ण जीतना मेरे लिए बेहद खास है। इस बार मुकाबला कड़ा था, जिससे यह जीत और भी यादगार बन गई।” नयना वर्तमान में कनाडा में प्रशिक्षण ले रही हैं और विशेष रूप से इन खेलों के लिए लेह पहुंची थीं।
शनिवार के परिणाम
आइस स्केटिंग (फाइनल)
शॉर्ट ट्रैक 500 मीटर (पुरुष)
-
सचिन सिंह (हरियाणा) – 46.14 सेकंड
-
ईशान दरवेकर (महाराष्ट्र) – 46.36 सेकंड
-
मुथकानी विष्णु वर्धन (तेलंगाना) – 47.31 सेकंड
शॉर्ट ट्रैक 500 मीटर (महिला)
-
नयना श्री तल्लुरी (तेलंगाना) – 50.49 सेकंड
-
शालीन फर्नांडीस (महाराष्ट्र) – 51.44 सेकंड
-
अन्वयी देशपांडे (महाराष्ट्र) – 51.53 सेकंड
शॉर्ट ट्रैक रिले 3000 मीटर (पुरुष)
-
हरियाणा – 5:16.96
-
कर्नाटक – 5:17.23
-
हिमाचल प्रदेश – 7:08.89
शॉर्ट ट्रैक रिले 2000 मीटर (महिला)
-
लद्दाख – 3:49.23
-
कर्नाटक – 4:36.71
-
महाराष्ट्र – अयोग्य घोषित
आइस हॉकी
महिला कांस्य पदक मुकाबला
चंडीगढ़ ने अतिरिक्त समय में हिमाचल प्रदेश को 4–3 से हराया।
🔗 पदक तालिका: winter.kheloindia.gov.in/medal-tally
🔗 अधिक जानकारी: www.winter.kheloindia.gov.in
