KKR vs GT IPL 2026: ईडन गार्डन्स में केकेआर का तहलका, फिन एलन और रघुवंशी के तूफान के बाद सुनील नरेन ने गुजरात को 29 रनों से चटाई धूल
फिन एलन और रघुवंशी का कहर, केकेआर ने बनाया 247 रनों का पहाड़
मुकाबले में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो बाद में उनके लिए बेहद महंगा साबित हुआ। पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही और कप्तान अजिंक्य रहाणे महज 44 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौट गए।
इसके बाद मैदान पर फिन एलन और युवा अंगकृष रघुवंशी का तूफान आया। दोनों ने मात्र 41 गेंदों में दूसरे विकेट के लिए 95 रनों की विध्वंसक साझेदारी की।एलन ने विपक्षी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए मात्र 35 गेंदों में 4 चौके और 10 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 93 रनों की आतिशी पारी खेली।एलन के आउट होने के बाद अंगकृष रघुवंशी ने 82 रन और ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन ने नाबाद 52 रनों की अर्धशतकीय पारी खेलकर केकेआर का स्कोर 20 ओवर्स में 247 रनों तक पहुंचा दिया। गुजरात की गेंदबाजी: गुजरात की तरफ से मोहम्मद सिराज और स्पिनर आर साई किशोर को 1-1 सफलता मिली, लेकिन वे रनों की रफ्तार पर अंकुश लगाने में नाकाम रहे।
शुभमन और बटलर की फाइट रही बेकार, सुनील नरेन ने पलटा मैच
248 रनों के एवरेस्ट जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस को कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने तेज शुरुआत दिलाई। लेकिन 52 के स्कोर पर सुदर्शन चोटिल (Retired Hurt) होकर मैदान से बाहर चले गए, जिसके तुरंत बाद निशांत सिंधु भी मात्र 1 रन बनाकर चलते बने।
संकट के समय कप्तान शुभमन गिल और इंग्लिश स्टार जोस बटलर ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 128 रनों की शानदार और तेज साझेदारी हुई, जिसने एक समय केकेआर के खेमे में खलबली मचा दी थी। जब मैच हाथ से निकलता दिख रहा था, तब मिस्ट्री स्पिनर सुनील नरेन ने अपनी जादुई गेंदबाजी से शुभमन गिल (85 रन) और जोस बटलर (57 रन) को आउट कर गुजरात की कमर तोड़ दी। इन दोनों के आउट होते ही गुजरात की जीत की उम्मीदें खत्म हो गई।
चोटिल होने के बाद दोबारा बल्लेबाजी करने उतरे साई सुदर्शन ने 53 रनों की नाबाद जुझारू पारी खेली, लेकिन वे टीम को जीत की दहलीज पार नहीं करा सके। गुजरात की टीम 20 ओवर्स में 4 विकेट खोकर 218 रन ही बना पाई।केकेआर की गेंदबाजी: कोलकाता की ओर से सुनील नरेन सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 2 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए, जबकि सौरभ दुबे और कैमरून ग्रीन को 1-1 विकेट मिला।
