लियाम लिविंगस्टोन का इंग्लैंड मैनेजमेंट पर हमला, बोले टीम से बाहर होने की खबर एक मिनट के फोन कॉल में मिली
लिविंगस्टोन अब Indian Premier League 2026 में Sunrisers Hyderabad के लिए खेलते नजर आएंगे, जिन्होंने उन्हें 13.6 करोड़ रुपये में खरीदा है। फिलहाल वह इंग्लैंड टीम से बाहर चल रहे हैं, लेकिन IPL से पहले दिए गए एक इंटरव्यू में उन्होंने टीम के माहौल को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए।
फोन पर मिली टीम से बाहर होने की खबर
लिविंगस्टोन ने बताया कि उन्हें टीम से बाहर किए जाने की जानकारी ब्रेंडन मैकुलम ने एक छोटे से फोन कॉल में दी थी, जो एक मिनट से भी कम समय चला। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि वह कॉल एक मिनट भी चली होगी। जब उन्होंने कारण पूछा तो जवाब मिला कि टीम किसी और खिलाड़ी को आजमाना चाहती है। उस समय के सिलेक्टर Luke Wright ने उनसे कोई संपर्क नहीं किया, जबकि कप्तान Harry Brook ने केवल एक टेक्स्ट मैसेज भेजा।
‘टीम में नहीं तो किसी को परवाह नहीं’
लिविंगस्टोन ने यह भी कहा कि मैनेजिंग डायरेक्टर Rob Key ने भी इस मुद्दे पर ज्यादा बातचीत नहीं की। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि गर्मियों में बात करेंगे। बाद में जब लिविंगस्टोन ने उन्हें फोन किया तो उन्होंने बताया कि वह लफबरो में टेस्ट कैंप में व्यस्त हैं।
लिविंगस्टोन के अनुसार इसके बाद सितंबर के आखिर तक उनसे कोई संपर्क नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि यह अनुभव उनके लिए आंखें खोलने वाला था। उनके मुताबिक अगर आप टीम का हिस्सा हैं तो सब ठीक है, लेकिन अगर टीम से बाहर हैं तो किसी को आपकी परवाह नहीं होती।
खुद को अब भी बेहतरीन खिलाड़ी मानते हैं
हालांकि फिलहाल उन्हें इंग्लैंड टीम में वापसी की उम्मीद कम दिखती है, लेकिन लिविंगस्टोन का मानना है कि वह अभी भी देश के सबसे अच्छे व्हाइट-बॉल खिलाड़ियों में से एक हैं।उन्होंने कहा कि सिर्फ इसलिए कि वह इस समय इंग्लैंड के लिए नहीं खेल रहे हैं, इसका मतलब यह नहीं है कि वह उस स्तर के खिलाड़ी नहीं हैं। उनके मुताबिक कुछ लोगों की राय के कारण ऐसा हुआ है, लेकिन उनकी क्षमता पर इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।अब सभी की नजरें आईपीएल 2026 पर होंगी, जहां लिविंगस्टोन सनराइजर्स हैदराबाद के लिए अपने प्रदर्शन से फिर से चर्चा में आने की कोशिश करेंगे।
