LPL 2026 Schedule: 2 साल बाद लौट रही है श्रीलंका की मशहूर टी20 लीग, शेड्यूल का हुआ ऐलान; ऑक्शन नहीं अब ड्राफ्ट से चुनी जाएंगी टीमें

LPL 2026 Schedule: Sri Lanka's Famous T20 League Returns After Two Years; Schedule Announced; Teams to be Selected via Draft Instead of Auction
 
Lanka Premier League

Lanka Premier League 2026 Schedule:  क्रिकेट फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। श्रीलंका की सबसे लोकप्रिय टी20 लीग 'लंका प्रीमियर लीग' (LPL 2026) करीब दो साल के लंबे इंतजार के बाद एक बार फिर मैदान पर रोमांच बिखेरने के लिए तैयार है। श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने टूर्नामेंट के नए और संशोधित शेड्यूल की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस बार लीग की शुरुआत 17 जुलाई से होने जा रही है, जिसका पहला ही मुकाबला बेहद ब्लॉकबस्टर होने वाला है।

17 जुलाई को महामुकाबला, ओपनिंग मैच में भिड़ेंगे चैंपियन और रनर-अप

टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच 17 जुलाई को कोलंबो के ऐतिहासिक एसएससी (SSC) ग्राउंड पर खेला जाएगा। इस ओपनिंग मुकाबले में साल 2024 की मौजूदा चैंपियन जाफना और उपविजेता (Runer-up) गॉल की टीमें आमने-सामने होंगी। मैच शुरू होने से पहले एक भव्य ओपनिंग सेरेमनी का भी आयोजन किया जाएगा। भारतीय समयानुसार यह मुकाबला शाम 07:30 बजे से शुरू होगा।

बदला हुआ शेड्यूल: 9 अगस्त को फाइनल के लिए रिजर्व-डे

श्रीलंका क्रिकेट ने पहले इस टूर्नामेंट को 10 जुलाई से शुरू करने का विचार बनाया था, लेकिन अब नया संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है। लंका प्रीमियर लीग का यह सीजन 17 जुलाई से शुरू होकर 8 अगस्त तक चलेगा। किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति या बारिश के खलल से बचने के लिए 9 अगस्त को फाइनल का 'रिजर्व-डे' रखा गया है। टूर्नामेंट के शुरुआती मैच कोलंबो में खेले जाएंगे, जिसके बाद कारवां दांबुला और कैंडी पहुंचेगी। वहीं, नॉकआउट स्टेज और फाइनल मुकाबले कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में आयोजित होंगे।

ऑक्शन खत्म, ड्राफ्ट सिस्टम से होगा खिलाड़ियों का चयन

इस साल एलपीएल में कुल 5 टीमें (जाफना, कोलंबो, कैंडी, गॉल और दांबुला) शिरकत करेंगी, हालांकि फ्रेंचाइजियों के नए नाम और मालिकों की घोषणा होना अभी बाकी है। इस बार लीग में सबसे बड़ा बदलाव खिलाड़ियों के चयन को लेकर किया गया है। पिछले सीजन की तरह इस बार ऑक्शन (नीलामी) नहीं होगी, बल्कि 1 जून को प्लेयर ड्राफ्ट आयोजित किया जाएगा। ड्राफ्ट सिस्टम लागू होने की वजह से कोई भी टीम अपने पुराने खिलाड़ियों को रिटेन नहीं कर सकेगी, जिससे सभी 5 टीमों का स्वरूप पूरी तरह से बदल जाएगा।

युवाओं के लिए कड़ा नियम और सोशल मीडिया विवाद का अंत

  • स्क्वाड साइज: हर टीम को अपने बेड़े में न्यूनतम 18 और अधिकतम 20 खिलाड़ी शामिल करने होंगे।

  • इमर्जिंग प्लेयर्स रूल: श्रीलंका के युवा टैलेंट को मौका देने के लिए हर टीम में दो लोकल अंडर-23 (U-23) खिलाड़ी होना अनिवार्य है। इनमें से एक खिलाड़ी का प्लेइंग इलेवन में शामिल होना भी जरूरी रहेगा।

  • विवादित नियम हटा: इससे पहले शुरुआती गाइडलाइन में स्टार खिलाड़ियों के लिए 2.5 लाख सोशल मीडिया फॉलोअर्स होने की अजीब शर्त रखी गई थी, जिसका काफी विरोध हुआ। अब बोर्ड ने इस नियम को पूरी तरह से हटा दिया है।

  • खिलाड़ियों पर सख्ती: इस बार खिलाड़ियों के मीडिया और फैन एंगेजमेंट पर सख्त नियम बनाए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर खिलाड़ियों की मैच फीस में 5% से लेकर 50% तक की भारी कटौती की जा सकती है।

LPL 2026 का पूरा शेड्यूल इस प्रकार है:

  • 17 से 19 जुलाई: कोलंबो लेग (SSC ग्राउंड)

  • 21 से 26 जुलाई: दांबुला लेग

  • 28 जुलाई से 2 अगस्त: कैंडी लेग

  • 5 और 7 अगस्त: क्वालिफायर और एलिमिनेटर मुकाबले (कोलंबो)

  • 8 अगस्त: फाइनल महामुकाबला (आर. प्रेमदासा स्टेडियम)

  • 9 अगस्त: रिजर्व डे (फाइनल के लिए)

Tags