लखनऊ रोलबाल खिलाड़ी करेंगे मानव के सपनों को साकार
लखनऊ डेस्क (प्रत्यूष पाण्डेय):
चौक स्टेडियम में आयोजित चतुर्थ स्वर्गीय मानव वर्मा रोलबाल प्रतियोगिता ने खिलाड़ियों के उत्साह और खेल भावना को नई ऊँचाई दी। राष्ट्रीय रोलबाल खिलाड़ी रहे स्व. मानव वर्मा की स्मृति में आयोजित इस टूर्नामेंट के ब्वॉयज फाइनल में डीपीएस इंदिरा नगर ने डीपीएस जानकीपुरम को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं, गर्ल्स फाइनल में भी डीपीएस इंदिरा नगर ने शानदार खेल दिखाते हुए डीपीएस जानकीपुरम को 2-0 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी जीती।

पुरस्कार वितरण मुख्य अतिथि राजीव मिश्रा और विशिष्ट अतिथि सिविल डिफेंस स्टाफ ऑफिसर टू चीफ़ वार्डेन ऋतुराज रस्तोगी द्वारा किया गया। विजेताओं को ट्रॉफी, पदक और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
प्रतियोगिता की मुख्य झलकियाँ
-
प्रतियोगिता में लखनऊ के विभिन्न स्कूलों की 16 टीमों के 115 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
-
कई प्रतिभागी खिलाड़ी पहले से ही प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर लखनऊ का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
-
आयोजन में खिलाड़ियों की उत्कृष्ट प्रतिभा और खेल के प्रति समर्पण झलकता रहा।

मुख्य अतिथि राजीव मिश्रा ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा, “यह प्रतियोगिता बताती है कि लखनऊ से भविष्य में कई खिलाड़ी देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।"
विशिष्ट अतिथि ऋतुराज रस्तोगी ने कहा, “लखनऊ रोलबाल के खिलाड़ी स्व. मानव वर्मा के सपनों को साकार करेंगे और खेल जगत में नई पहचान बनाएंगे।”
रोलबाल स्पोर्ट्स एसोसिएशन अध्यक्ष मनोज वर्मा ने भावुक होते हुए कहा, “मानव वर्मा का खेल के प्रति गहरा लगाव था। रोलबाल के साथ ही वह फुटबॉल और क्रिकेट में भी निपुण खिलाड़ी थे। समय ने एक होनहार सितारे को हमसे छीन लिया, लेकिन उनकी यादें और सपने खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देंगे।”

विशेषज्ञ नीरज श्रीवास्तव ने मानव को याद करते हुए कहा, “मानव वर्मा ने बहुत कम समय में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना ली थी। यह हम सबका दुर्भाग्य है कि वह अपनी पूरी क्षमता दिखाने से पहले ही हमें छोड़ गए, लेकिन उनकी यादें हमेशा दिलों में जिंदा रहेंगी।”
कार्यक्रम के अंत में सभी खिलाड़ियों और आयोजकों ने मानव वर्मा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
आयोजन समिति में योगदान देने वाले
नीरज श्रीवास्तव, डॉ. अभय सिंह, प्रकाश मिश्रा, आदित वाजपेई, गौरव, अनुपेंद्र, अफ़ज़ल, प्रज्ज्वल, मुस्कान, काव्या, सुनील कुमार शुक्ला, नफीस अहमद, रामगोपाल सिंह, मनोज तिवारी सहित कई लोगों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
