रिंकू सिंह की कप्तानी में मेरठ मावेरिक्स बनी चैंपियन, फाइनल में लखनऊ फाल्कन्स को 94 रन से हराया
UP T20 लीग 2026 के फाइनल मुकाबले में रिंकू सिंह की कप्तानी वाली मेरठ मावेरिक्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लखनऊ फाल्कन्स को 94 रन से करारी शिकस्त दी। एकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में मेरठ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 203 रन का मजबूत स्कोर बनाया, जिसके जवाब में लखनऊ की पूरी टीम महज 109 रन पर सिमट गई।
इस जीत के साथ मेरठ मावेरिक्स ने दूसरी बार UP T20 लीग का खिताब अपने नाम कर लिया। मेरठ की टीम लगातार चौथी बार टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची थी, जबकि लखनऊ फाल्कन्स पहली बार खिताबी मुकाबला खेल रही थी।
दिव्यांश जोशी ने जड़ा तूफानी शतक
रिंकू सिंह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। मेरठ के सलामी बल्लेबाज स्वास्तिक चिकारा और दिव्यांश जोशी ने टीम को तेज शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 53 रन जोड़े।
इसके बाद दिव्यांश जोशी ने आक्रामक बल्लेबाजी का सिलसिला जारी रखा। उन्होंने लखनऊ के गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए महज 40 गेंदों में 105 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 12 चौके और 7 छक्के शामिल रहे।
दिव्यांश की विस्फोटक सेंचुरी की बदौलत मेरठ मावेरिक्स ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 203 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लखनऊ के अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार भी दिव्यांश की आक्रामक बल्लेबाजी पर अंकुश नहीं लगा सके।
109 रन पर ढेर हुई लखनऊ फाल्कन्स
204 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मेरठ के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और लखनऊ के बल्लेबाज नियमित अंतराल पर विकेट गंवाते रहे।
अजीत वर्मा ने 24 गेंदों पर 39 रन बनाकर संघर्ष करने की कोशिश की, लेकिन उनके रन आउट होते ही लखनऊ की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा। इसके बाद मेरठ के गेंदबाजों ने मैच पर पूरी तरह शिकंजा कस दिया।
मेरठ के तेज गेंदबाज विशाल चौधरी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 24 रन देकर 4 विकेट झटके। उनकी घातक गेंदबाजी के सामने लखनऊ की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई और टीम 16 ओवर में 109 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह मेरठ मावेरिक्स ने फाइनल मुकाबला 94 रन से जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया।
जीशान अंसारी को मिला पर्पल कैप
मेरठ के प्रमुख स्पिनर जीशान अंसारी ने फाइनल में दो अहम विकेट हासिल किए। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और कुल 25 विकेट अपने नाम किए। सर्वाधिक विकेट लेने के कारण उन्हें पर्पल कैप से सम्मानित किया गया। फाइनल में मेरठ की ओर से विशाल चौधरी सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने चार विकेट लेकर लखनऊ की पारी को तहस-नहस कर दिया।
दिव्यांश जोशी बने प्लेयर ऑफ द मैच
मेरठ की खिताबी जीत के सबसे बड़े नायक दिव्यांश जोशी रहे। उन्होंने सिर्फ 40 गेंदों पर 105 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को 203 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। उनकी इस शानदार बल्लेबाजी के लिए दिव्यांश जोशी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। कप्तान रिंकू सिंह की अगुवाई में मेरठ मावेरिक्स ने एक बार फिर अपनी ताकत साबित करते हुए UP T20 लीग की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
