MPL 2026: IPL में रहे अनसोल्ड, अब टूर्नामेंट में हैट्रिक सहित चटकाए 6 विकेट; वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने से चूके कुमार कार्तिकेय

MPL 2026: Went unsold in the IPL, but has now claimed 6 wickets—including a hat-trick—in the tournament; Kumar Kartikeya missed breaking the world record.
 
MPL 2026: IPL में रहे अनसोल्ड, अब टूर्नामेंट में हैट्रिक सहित चटकाए 6 विकेट; वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने से चूके कुमार कार्तिकेय

क्रिकेट की दुनिया में कब किसका वक्त बदल जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। आईपीएल 2026 (IPL 2026) के मेगा ऑक्शन में जिस खिलाड़ी को किसी भी फ्रेंचाइजी ने भाव नहीं दिया था, उसी ने अब घरेलू टी20 लीग में अपनी फिरकी से तहलका मचा दिया है। हम बात कर रहे हैं 28 साल के बाएं हाथ के स्पिनर कुमार कार्तिकेय की, जिन्होंने मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (MPL 2026) में इतिहास रचते हुए अपने टी20 करियर का सबसे घातक स्पेल डाला है।

22 जून को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कार्तिकेय ने न सिर्फ शानदार हैट्रिक ली, बल्कि कुल 6 विकेट झटके। वह एक समय वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी करने के बेहद करीब पहुंच गए थे।

ऑक्शन में रहे थे अनसोल्ड, चेन्नई ने बनाया था नेट बॉलर

कुमार कार्तिकेय ने आईपीएल 2026 की बड़ी नीलामी में अपना बेस प्राइस महज 30 लाख रुपये रखा था। इसके बावजूद किसी भी टीम ने उन पर दांव नहीं लगाया। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने उन्हें अपने साथ बतौर नेट बॉलर जोड़ा था। अब कार्तिकेय ने भोपाल लेपर्ड्स के खिलाफ इस ऐतिहासिक प्रदर्शन से उन सभी फ्रेंचाइजियों को अपनी काबिलियत का करारा जवाब दिया है।

टी20 मैच में 6 विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज

कुमार कार्तिकेय ने इस मुकाबले में केवल 3 ओवरों की गेंदबाजी में 24 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किए। इस दौरान उन्होंने पवन निरवानी, प्रांजुल पूरी और अनुराग मालवीय को लगातार तीन गेंदों पर पवेलियन भेजकर अपनी जादुई हैट्रिक पूरी की।

इसके साथ ही वह किसी एक टी20 मैच में 6 विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा तेज गेंदबाज दीपक चाहर (7 रन देकर 6 विकेट, बनाम बांग्लादेश, 2019) कर चुके हैं। अंतर सिर्फ इतना है कि चाहर ने यह मुकाम इंटरनेशनल क्रिकेट में हासिल किया था, जबकि कार्तिकेय ने इसे घरेलू टी20 लीग में अंजाम दिया।

बाल-बाल बचा वर्ल्ड रिकॉर्ड

कार्तिकेय अगर इस मैच में एक विकेट और हासिल कर लेते, तो वह पुरुष टी20 क्रिकेट के एक बड़े विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर लेते।

  • इंटरनेशनल रिकॉर्ड: टी20 अंतरराष्ट्रीय की एक पारी में सबसे ज्यादा 7 विकेट लेने का रिकॉर्ड मलेशिया के स्याजदुल इदरूस (8 रन देकर 7 विकेट, बनाम चीन) के नाम है।

  • घरेलू रिकॉर्ड: घरेलू टी20 में यह कीर्तिमान नीदरलैंड्स के कॉलिन एकरमैन के नाम दर्ज है, जिन्होंने 18 रन देकर 7 विकेट चटकाए थे।

मैच का हाल: कार्तिकेय के जाल में फंसी भोपाल लेपर्ड्स

कुमार कार्तिकेय की खतरनाक गेंदबाजी के सामने भोपाल लेपर्ड्स की टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई। पूरी टीम 20 ओवर भी नहीं टिक सकी और सिर्फ 13 ओवरों में 107 रनों पर ऑलआउट हो गई।

जवाब में रॉयल निमार ईगल्स को जीत के लिए 108 रनों का बेहद आसान लक्ष्य मिला। ईगल्स ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज 9.2 ओवरों में 2 विकेट खोकर 112 रन बना लिए और 8 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की। इस धमाकेदार जीत के असली हीरो निस्संदेह कुमार कार्तिकेय रहे।

Tags