वनडे वर्ल्ड कप 2027 में नया सुपर-7 फॉर्मेट, ऐसे तय होगी 7वीं टीम

दो ग्रुप की टॉप-3 टीमें सीधे पहुंचेंगी सुपर-7 में, दोनों ग्रुप की चौथे स्थान वाली टीमों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम को मिलेगा सातवां स्थान
 
2027

ICC ODI World Cup 2027  :  आईसीसी ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप का शेड्यूल जारी करने के साथ टूर्नामेंट के नए फॉर्मेट की तस्वीर भी साफ कर दी है। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में होने वाले इस विश्व कप में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट में ग्रुप स्टेज के बाद सुपर-7 चरण खेला जाएगा, जिसमें सात टीमें जगह बनाएंगी।

आईसीसी के मुताबिक मुख्य ग्रुप स्टेज में 12 टीमों को छह-छह के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। प्रत्येक ग्रुप में टीमें राउंड रॉबिन आधार पर एक-दूसरे के खिलाफ एक मैच खेलेंगी। दोनों ग्रुप की शीर्ष तीन-तीन टीमें सीधे सुपर-7 में पहुंचेंगी। सातवें स्थान के लिए दोनों ग्रुप में चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों के प्रदर्शन की तुलना की जाएगी। इनमें बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम सुपर-7 में जगह बनाएगी।

ऐसे तय होगी सुपर-7 की सातवीं टीम

सुपर-7 में कुल सात टीमों को जगह मिलेगी। दोनों ग्रुप की शीर्ष तीन टीमों के सीधे क्वालीफाई करने के बाद बची एक जगह का फैसला दोनों ग्रुप की चौथे स्थान वाली टीमों के बीच होगा।आईसीसी के फॉर्मेट के अनुसार दोनों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली चौथे स्थान की टीम सुपर-7 में पहुंच जाएगी। यानी किसी ग्रुप में चौथे स्थान पर रहने वाली टीम के लिए भी सुपर-7 में पहुंचने का रास्ता खुला रहेगा। अंक बराबर होने की स्थिति में लागू टाई-ब्रेकिंग नियमों के अनुसार टीमों की रैंकिंग तय की जाएगी।

वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में 12 टीमें

मुख्य ग्रुप स्टेज में 12 टीमें दो ग्रुप में खेलेंगी। आईसीसी ने फिलहाल ग्रुप इस प्रकार तय किए हैं:

ग्रुप-ए: भारत, ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और क्वालीफायर टीम

ग्रुप-बी: न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, इंग्लैंड, बांग्लादेश और क्वालीफायर टीम

इसके अलावा चार अन्य टीमें क्वालीफिकेशन प्रक्रिया के जरिए टूर्नामेंट में आएंगी। क्वालीफायर की विजेता टीम सीधे ग्रुप स्टेज में पहुंचेगी, जबकि दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें सुपर सीरीज खेलेंगी। सुपर सीरीज की विजेता टीम मुख्य ग्रुप स्टेज में जगह बनाएगी।

सुपर-7 में हर टीम खेलेगी छह मैच

सुपर-7 चरण में सातों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक मुकाबला खेलेंगी। इस तरह प्रत्येक टीम को कुल छह मैच खेलने होंगे और पूरे चरण में 21 मुकाबले खेले जाएंगे।सुपर-7 में ग्रुप स्टेज के अंक आगे नहीं ले जाए जाएंगे। यानी सातों टीमें इस चरण में नए सिरे से अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। सुपर-7 की अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।

25 अक्टूबर से शुरू होगा सुपर-7 चरण

आईसीसी के कार्यक्रम के अनुसार सुपर-7 चरण 25 अक्टूबर से 14 नवंबर 2027 तक चलेगा। इसके बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। पहले स्थान पर रहने वाली टीम का सामना चौथे स्थान वाली टीम से और दूसरे स्थान वाली टीम का मुकाबला तीसरे स्थान वाली टीम से होगा।वनडे वर्ल्ड कप 2027 का फाइनल 21 नवंबर 2027 को जोहान्सबर्ग में प्रस्तावित है। टूर्नामेंट का आयोजन दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में किया जाएगा।

Tags