ODI World Cup 2027: विश्व कप में जगह बनाने की जंग तेज, नेपाल ने क्वालीफायर प्लेऑफ के लिए घोषित की 15 सदस्यीय टीम
संदीप लामिछाने को सौंपी गई कप्तानी, 4 से 21 दिसंबर तक नेपाल में होगा टूर्नामेंट। आठ टीमें लेंगी हिस्सा, चार टीमों को अगले दौर यानी वर्ल्ड कप क्वालीफायर में मिलेगी जगह।
ICC ODI World Cup 2027 : आईसीसी वनडे विश्व कप 2027 में जगह बनाने की होड़ तेज हो गई है। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट तक पहुंचने के लिए नेपाल की टीम को घरेलू मैदान पर अपनी दावेदारी मजबूत करने का मौका मिलेगा। नेपाल क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वालीफायर प्लेऑफ के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। अनुभवी लेग स्पिनर संदीप लामिछाने को टीम की कप्तानी सौंपी गई है।
नेपाल की मेजबानी में यह टूर्नामेंट 4 से 21 दिसंबर तक खेला जाएगा। इसमें कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी। मेजबान नेपाल के अलावा इटली, नामीबिया, युगांडा, कुवैत, कनाडा, जर्सी और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की टीमें भी अपनी चुनौती पेश करेंगी। इस प्रतियोगिता के जरिए चार टीमें आईसीसी मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वालीफायर में जगह बनाएंगी।
अनुभवी खिलाड़ियों पर नेपाल की उम्मीदें
संदीप लामिछाने की कप्तानी वाली नेपाली टीम में कई अनुभवी और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। रोहित पौडेल, दीपेंद्र सिंह ऐरी, आसिफ शेख और करण केसी जैसे खिलाड़ी टीम की ताकत होंगे। इसके अलावा कुशल भुर्तेल, गुलशन झा और बसिर अहमद को भी टीम में जगह मिली है। घरेलू परिस्थितियों और दर्शकों के समर्थन का फायदा उठाकर नेपाल की कोशिश अगले दौर में पहुंचने की होगी।
छह टीमें पहले ही क्वालीफायर में बना चुकी हैं जगह
आईसीसी वर्ल्ड कप क्वालीफायर में छह टीमें पहले ही अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं। इनमें दो बार की वनडे विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज के साथ आयरलैंड, नीदरलैंड, ओमान, स्कॉटलैंड और अमेरिका शामिल हैं।नेपाल में होने वाले क्वालीफायर प्लेऑफ से चार और टीमें इस सूची में जुड़ेंगी। इसके बाद कुल 10 टीमों के बीच क्वालीफायर टूर्नामेंट खेला जाएगा। इन टीमों को पांच-पांच के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। ग्रुप चरण के बाद सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले होंगे। इस प्रतियोगिता की शीर्ष चार टीमें 2027 वनडे विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी।
14 टीमों के बीच होगा वनडे विश्व कप 2027
साल 2027 का वनडे विश्व कप कुल 14 टीमों के बीच खेला जाएगा। मेजबान दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को सीधे प्रवेश मिला है। वहीं, 30 सितंबर 2026 की कटऑफ तारीख तक आईसीसी वनडे रैंकिंग के आधार पर अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड, भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका ने भी सीधे क्वालीफाई किया है।
नेपाल की 15 सदस्यीय टीम
संदीप लामिछाने (कप्तान), आसिफ शेख, अर्जुन कुमाल, ईशान पांडे, देव खनाल, कुशल भुर्तेल, राशिद खान, रोहित पौडेल, दीपेंद्र सिंह ऐरी, गुलशन झा, बसिर अहमद, करण केसी, नंदन यादव, ललित नारायण राजबंशी और अभिषेक गौतम।अब नेपाल की टीम के सामने घरेलू मैदान पर शानदार प्रदर्शन कर अगले दौर में जगह बनाने की चुनौती होगी।
