निवर्तमान ग्राम प्रधान रतसर कला एवं भाजपा नेत्री स्मृति सिंह ने किया बेसिक शिक्षक क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ
रतसर इंटर कॉलेज में एक दिवसीय बेसिक शिक्षक क्रिकेट प्रतियोगिता, रेवती बनी विजेता
Mon, 16 Mar 2026
बलिया। शिक्षा क्षेत्र गड़वार अंतर्गत रतसर इंटर कॉलेज, रतसर के प्रांगण में एक दिवसीय बेसिक शिक्षक क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि निवर्तमान ग्राम प्रधान रतसर कला एवं भाजपा नेत्री स्मृति सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
प्रतियोगिता में कुल 8 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला रेवती और नगरा की टीमों के बीच खेला गया। रेवती की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 132 रन का लक्ष्य खड़ा किया। जवाब में नगरा की टीम 76 रन ही बना सकी। इस प्रकार रेवती ने 56 रनों से शानदार जीत दर्ज कर बेसिक शिक्षक क्रिकेट प्रतियोगिता की विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।प्रतियोगिता में शिक्षक विजय को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच तथा मैन ऑफ द सीरीज़ घोषित किया गया।
मुख्य अतिथि स्मृति सिंह ने शिक्षक खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि स्वयं फिट रहकर उन्हें खेल और स्वास्थ्य के प्रति भी प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि खेलकूद से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है, इसलिए ऐसे आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए। इस अवसर पर राजनरायन, विशाल, राहुल, जय प्रकाश, लोकेश्वर सहित अनेक शिक्षक व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
