Pakistan vs Sri Lanka 2nd T20I : पाकिस्तान ने श्रीलंका को 82 रन से हराकर जीती T20I सीरीज

माज सदाकत और साहिबजादा फरहान के तूफानी अर्धशतक, मोहम्मद इमरान की घातक गेंदबाजी; तीन मैचों की सीरीज में पाकिस्तान ने बनाई 2-0 की अजेय बढ़त

 
hbk

Pakistan vs Sri Lanka, 2nd T20I, पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 82 रन से बड़ी जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने तीन विकेट के नुकसान पर 215 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 133 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली।

पाकिस्तान की इस जीत में माज सदाकत और कप्तान साहिबजादा फरहान की आक्रामक बल्लेबाजी ने अहम भूमिका निभाई। दोनों ने शानदार अर्धशतक लगाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। वहीं, गेंदबाजी में मोहम्मद इमरान ने तीन विकेट लेकर श्रीलंका की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

पाकिस्तान का T20I में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर

श्रीलंका के खिलाफ 215/3 रन बनाकर पाकिस्तान ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना दूसरा सबसे बड़ा स्कोर दर्ज किया। इस प्रारूप में पाकिस्तान का सर्वोच्च स्कोर 232/6 रन है, जो उसने 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था।दूसरे मुकाबले में माज सदाकत ने 51 गेंदों पर 96 रन की विस्फोटक पारी खेली। वह अपने शतक से महज चार रन दूर रह गए। उनकी पारी में सात छक्के और छह चौके शामिल रहे। कप्तान साहिबजादा फरहान ने भी 73 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूती दी। उन्होंने अपनी पारी के दौरान पांच छक्के और चार चौके लगाए।दोनों बल्लेबाजों ने लगातार दूसरे मुकाबले में तेज अर्धशतक लगाकर पाकिस्तान को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

श्रीलंका की खराब फील्डिंग ने बढ़ाई मुश्किलें

पाकिस्तान की पारी के दौरान श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने कई अहम मौकों पर कैच छोड़े, जिसका मेजबान टीम के बल्लेबाजों ने भरपूर फायदा उठायासाहिबजादा फरहान जब 11 रन पर थे, तब सिनेत जयवर्धने ने उनका कैच छोड़ दिया। इससे पहले महीश तीक्षणा भी बिनुरा फर्नांडो के ओवर में फरहान का मुश्किल कैच पकड़ने में नाकाम रहे थे। जीवनदान मिलने के बाद फरहान ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। उनकी पारी का अंत 15वें ओवर में दासुन शनाका की गेंद पर हुआ, जब वह बाउंड्री के पास कैच आउट हो गए।

दूसरी ओर, माज सदाकत को भी 44 रन के निजी स्कोर पर जीवनदान मिला। नुवान तुषारा उनका रिटर्न कैच नहीं पकड़ सके। इसके बाद सदाकत ने तेजी से रन बटोरे और 96 रन तक पहुंच गए। वह पारी के अंतिम ओवर की आखिरी गेंद पर इशान मलिंगा की गेंद पर कैच आउट हुए।

मोहम्मद इमरान की गेंदबाजी के सामने श्रीलंका बेबस

216 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम शुरुआत से ही दबाव में आ गई। सलमान मिर्जा ने पहले ओवर में लाहिरू उदारा को आउट कर पाकिस्तान को शुरुआती सफलता दिलाई। इसके बाद अपना दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेल रहे मोहम्मद इमरान ने श्रीलंका की बल्लेबाजी को बड़ा झटका दिया। उन्होंने सिनेत जयवर्धने को 22 रन, कप्तान कुसल मेंडिस को नौ रन और सहान अराचिगे को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। आठ ओवर तक श्रीलंका का स्कोर चार विकेट पर 49 रन हो गया था।

महीश तीक्षणा ने नाबाद 32 रन बनाए, जबकि चमिंदु विक्रमसिंघे ने 24 गेंदों पर 29 रन की पारी खेली। हालांकि, दोनों बल्लेबाज टीम को बड़ी हार से नहीं बचा सके। मोहम्मद इमरान पाकिस्तान के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 11 रन देकर तीन विकेट हासिल किए और श्रीलंका की रन गति पर अंकुश लगाए रखा।

श्रीलंका की लगातार तीसरी विदेशी T20I सीरीज में हार

इस हार के साथ श्रीलंका को विदेशी धरती पर लगातार तीसरी टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज गंवानी पड़ी। इससे पहले टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था, जबकि इंग्लैंड ने उसे 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला 13 अक्टूबर को रावलपिंडी में खेला जाएगा। इसके बाद पाकिस्तान, श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच अगले रविवार से वनडे त्रिकोणीय सीरीज शुरू होने वाली है।

Tags