प्रेमा रावत ने 14 गेंदों में जड़ा अर्धशतक, पाकिस्तानी खिलाड़ी फातिमा सना का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ रचा इतिहास
महिला टी20 क्रिकेट में सबसे तेज फिफ्टी का नया रिकॉर्ड, उत्तराखंड ने हैदराबाद को 89 रन से दी करारी शिकस्त
Indian Senior Women's T20 Trophy : भारतीय महिला क्रिकेटर प्रेमा रावत ने टी20 क्रिकेट में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से इतिहास रच दिया है। भारतीय सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी में उत्तराखंड की ओर से खेलते हुए प्रेमा ने महज 14 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर महिला टी20 क्रिकेट में सबसे तेज फिफ्टी लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने पाकिस्तान की खिलाड़ी फातिमा सना का रिकॉर्ड तोड़कर यह उपलब्धि हासिल की।
फातिमा सना का रिकॉर्ड टूटा
इससे पहले महिला टी20 क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान की फातिमा सना के नाम था। उन्होंने 15 गेंदों में फिफ्टी पूरी की थी। अब प्रेमा रावत ने 14 गेंदों में 50 रन बनाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
प्रेमा की इस तूफानी पारी की खास बात यह रही कि उन्होंने अपने 50 रनों में से 48 रन चौकों और छक्कों की मदद से बनाए। उन्होंने 357.14 के शानदार स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।
उत्तराखंड ने 89 रन से जीता मुकाबला
हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में प्रेमा रावत की विस्फोटक पारी की बदौलत उत्तराखंड ने निर्धारित 20 ओवर में दो विकेट खोकर 187 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम 20 ओवर में 98 रन ही बना सकी। इस तरह उत्तराखंड ने 89 रनों से शानदार जीत दर्ज की।
उत्तराखंड की ओर से राघवी बिस्ट ने नाबाद 72 रन बनाए, जबकि करीना ने 44 और नीलम भारद्वाज ने 19 रनों का योगदान दिया। प्रेमा रावत ने बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया। उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 12 रन देकर दो विकेट हासिल किए। उनके अलावा निशा और सफीना ने भी दो-दो विकेट चटकाए, जबकि पूजा राज और करीना को एक-एक सफलता मिली।
भारत के लिए सात टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी हैं प्रेमा
24 वर्षीय प्रेमा रावत मुख्य रूप से स्पिन गेंदबाज हैं। वह भारतीय टीम की ओर से अब तक सात टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुकी हैं और उनके नाम सात विकेट दर्ज हैं। उन्होंने जून 2026 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ हुई टी20 सीरीज में भी वह भारतीय टीम का हिस्सा थीं। गेंदबाजी के लिए पहचानी जाने वाली प्रेमा ने अब अपनी बल्लेबाजी से भी खास पहचान बना ली है। 14 गेंदों में अर्धशतक लगाकर उन्होंने महिला टी20 क्रिकेट में नया रिकॉर्ड कायम किया है।
