Rishabh Pant and Kuldeep Yadav Trade : ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में 'घर वापसी', लेकिन सैलरी में हुआ 12 करोड़ रुपये का भारी नुकसान
₹27 करोड़ से घटकर इतनी रह गई ऋषभ पंत की सैलरी
आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन (Mega Auction) में लखनऊ सुपर जायंट्स ने ऋषभ पंत पर ₹27 करोड़ की रिकॉर्ड-तोड़ बोली लगाकर उन्हें आईपीएल इतिहास का सबसे महंगा खिलाड़ी बनाया था। लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के साथ हुए इस ताजा ट्रेड समझौते के बाद पंत की सालाना आईपीएल सैलरी में 12 करोड़ रुपये की भारी कटौती हो गई है। अब आगामी सीजन में दिल्ली कैपिटल्स उन्हें केवल ₹15 करोड़ का भुगतान करेगी।
पैसों का नुकसान, मगर 'घर वापसी' की खुशी
भले ही वित्तीय रूप से पंत को यह डील घाटे का सौदा लग रही हो, लेकिन भावनात्मकरूप से यह उनकी घर वापसी है।
-
दिल्ली के साथ लंबा इतिहास: पंत ने साल 2016 से 2024 के बीच दिल्ली कैपिटल्स के लिए लगातार 9 सीजन खेले हैं।
-
रिकॉर्ड्स: वह दिल्ली फ्रेंचाइजी के लिए सबसे ज्यादा 111 मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं। इन मैचों में से 43 मुकाबलों में उन्होंने टीम की कप्तानी भी संभाली है।
-
LSG में प्रदर्शन: लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेले दो सीजनों (28 मैचों) में पंत के बल्ले से 1 शतक और 1 अर्धशतक की मदद से कुल 581 रन निकले थे।
कुलदीप यादव की चांदी: टीम बदली पर सैलरी रही बरकरार
ऋषभ पंत के विपरीत, टीम इंडिया के चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव को इस ट्रेड डील से कोई वित्तीय नुकसान नहीं झेलना पड़ा है। ट्रांसफर नियमों के तहत कुलदीप यादव को लखनऊ सुपर जायंट्स में भी वही सैलरी मिलेगी, जो उन्हें दिल्ली कैपिटल्स की ओर से मिल रही थी। लखनऊ सुपर जायंट्स आगामी सीजन के लिए कुलदीप यादव को ₹13.5 करोड़ की पूरी फीस देगी। कुलदीप पिछले 5 सीजनों से दिल्ली कैपिटल्स की गेंदबाजी की मुख्य रीढ़ थे, जहां उन्होंने 65 मैचों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 72 विकेट चटकाए थे। आईपीएल करियर में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) का प्रतिनिधित्व करने के बाद, कुलदीप अब पहली बार नवाबों के शहर लखनऊ की टीम के लिए फिरकी घुमाते नजर आएंगे।
