Sai Sudharsan Hit Wicket: लगातार दूसरे मैच में अजीबोगरीब तरीके से आउट हुए साई सुदर्शन, नॉन-स्ट्राइकर एंड पर सिर पकड़कर बैठ गए शुभमन गिल
Unlucky Sai Sudarshan 😭
— Cricket Central (@CricketCentrl) May 29, 2026
Just look at the reaction of Shubman Gill 🥹😭pic.twitter.com/A9Bthiftwr
बृजेश शर्मा की गेंद पर छूटा बल्ला, फिर हुआ 'ब्लंडर'
यह वाकया गुजरात टाइटंस की पारी के 13वें ओवर का है। राजस्थान रॉयल्स की ओर से युवा गेंदबाज बृजेश शर्मा गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की पांचवीं गेंद उन्होंने ऑफ स्टंप के काफी बाहर एक लो फुल टॉस फेंकी। इस गेंद पर साई सुदर्शन ने ऑफ साइड की दिशा में स्क्वायर कट खेलने का प्रयास किया। शॉट लगाने के फेर में सुदर्शन के हाथ से बल्ला पूरी तरह फिसल गया और हवा में लहराता हुआ सीधे पीछे विकेटों पर जा गिरा। गिल्लियां बिखरते ही अंपायर ने उन्हें नियम के तहत हिट विकेट आउट करार दिया।
मैदान पर ही घुटनों के बल बैठ गए कप्तान शुभमन गिल
लगातार दूसरे मैच में खुद को इसी अंदाज में आउट होता देख साई सुदर्शन बेहद निराश नजर आए और उन्होंने मैदान पर ही अपना माथा पकड़ लिया। लेकिन इससे भी ज्यादा हैरान करने वाला रिएक्शन नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े कप्तान शुभमन गिल का था। सुदर्शन को फिर से हिट विकेट आउट होते देख गिल अपनी निराशा नहीं छिपा पाए और मैदान पर ही घुटनों के बल बैठकर अपना सिर पकड़ लिया। स्टैंड्स में बैठे गुजरात के फैंस भी इस नजारे को देखकर पूरी तरह स्तब्ध रह गए।इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ खेले गए पहले क्वालीफायर मुकाबले में भी साई सुदर्शन हूबहू इसी अंदाज में हिट विकेट आउट होकर पवेलियन लौटे थे।
शानदार अर्धशतकीय पारी का हुआ दुखद अंत
आउट होने से पहले साई सुदर्शन बेहद शानदार लय में बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने कप्तान गिल के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 167 रनों की ऐतिहासिक साझेदारी की थी। सुदर्शन ने 32 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौकों और 1 छक्के की मदद से 58 रनों की आतिशी पारी खेली, लेकिन उनके इस दुर्भाग्यपूर्ण अंत ने बड़ी पारी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
आंद्रे रसेल और शोएब मलिक के अनचाहे रिकॉर्ड की बराबरी
इस विकेट के साथ ही साई सुदर्शन के नाम मेंस टी20 क्रिकेट का एक ऐसा शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है, जिसे कोई भी बल्लेबाज अपने नाम नहीं करना चाहेगा। सुदर्शन अब पुरुष टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार हिट विकेट आउट होने वाले संयुक्त रूप से पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के आंद्रे रसेल और पाकिस्तान के शोएब मलिक की बराबरी कर ली है। खास बात यह है कि सुदर्शन अपने करियर में तीनों बार आईपीएल के मैचों में ही इस तरह आउट हुए हैं।
मेंस T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार हिट-विकेट होने वाले खिलाड़ी:
-
आंद्रे रसेल: 3 बार
-
शोएब मलिक: 3 बार
-
साई सुदर्शन: 3 बार (सभी आईपीएल के दौरान)
