श्रेयस अय्यर का लखनऊ में तूफानी शतक, 42 गेंदों में रचा इतिहास; भारतीय कप्तानों में दूसरे सबसे तेज

Shreyas Iyer's explosive century in Lucknow; created history in 42 balls—second fastest among Indian captains.
 
Shreyas Iyer

India vs West Indies, 1st T20I  :  वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने बल्ले से ऐसा तूफान मचाया कि कैरेबियाई टीम के गेंदबाज बेबस नजर आए। 6 अक्टूबर को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अय्यर ने महज 42 गेंदों में शतक पूरा किया और नाबाद 102 रन की शानदार पारी खेलकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। भारत ने यह मुकाबला 8 विकेट से जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।

अय्यर का यह पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक है। इस शतकीय पारी के साथ उन्होंने भारतीय कप्तानों के उस खास क्लब में जगह बना ली, जिसमें रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव जैसे दिग्गज शामिल हैं।

टी20 इंटरनेशनल में शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय कप्तान

श्रेयस अय्यर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय कप्तान बन गए हैं। भारतीय कप्तान के रूप में सबसे ज्यादा टी20I शतक रोहित शर्मा के नाम हैं। रोहित ने कप्तानी करते हुए तीन शतक लगाए हैं।सूर्यकुमार यादव ने भी 2023 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कप्तान रहते हुए शतक जड़ा था। वहीं अय्यर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए नाबाद 102 रन बनाए।इस पारी की एक खास उपलब्धि यह भी रही कि अय्यर रन चेज में टी20I शतक लगाने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गए हैं।

भारतीय कप्तानों के टी20I शतक

  • 121* – रोहित शर्मा बनाम अफगानिस्तान, बेंगलुरु, 2024
  • 118 – रोहित शर्मा बनाम श्रीलंका, इंदौर, 2017
  • 111* – रोहित शर्मा बनाम वेस्टइंडीज, लखनऊ, 2018
  • 102* – श्रेयस अय्यर बनाम वेस्टइंडीज, लखनऊ, 2026
  • 100 – सूर्यकुमार यादव बनाम दक्षिण अफ्रीका, जोहान्सबर्ग, 2023

42 गेंदों में शतक, रोहित के बाद दूसरे सबसे तेज भारतीय कप्तान

श्रेयस अय्यर ने 42 गेंदों में शतक पूरा करके भारतीय कप्तानों के बीच एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। इस मामले में उनसे आगे सिर्फ रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ कप्तान के रूप में महज 35 गेंदों में शतक लगाया था।

अय्यर अब फुल-मेंबर टीमों के कप्तानों में सबसे तेज टी20I शतक लगाने के मामले में संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने इंग्लैंड के हैरी ब्रूक की 42 गेंदों में शतक की बराबरी की है। इस सूची में जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा सबसे ऊपर हैं, जिन्होंने 2024 में नैरोबी में 33 गेंदों में शतक लगाया था।

फुल-मेंबर टीमों के कप्तानों के सबसे तेज टी20I शतक

  • 33 गेंद – सिकंदर रजा (जिम्बाब्वे) बनाम गैम्बिया, नैरोबी, 2024
  • 35 गेंद – रोहित शर्मा (भारत) बनाम श्रीलंका, इंदौर, 2017
  • 42 गेंद – हैरी ब्रूक (इंग्लैंड) बनाम श्रीलंका, साउथेम्प्टन, 2026
  • 42 गेंद – श्रेयस अय्यर (भारत) बनाम वेस्टइंडीज, लखनऊ, 2026
  • 46 गेंद – फाफ डु प्लेसिस (दक्षिण अफ्रीका) बनाम वेस्टइंडीज, जोहान्सबर्ग, 2015

श्रेयस अय्यर की इस पारी ने न केवल भारत को सीरीज में बढ़त दिलाई, बल्कि कप्तान के तौर पर उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर में एक नया अध्याय भी जोड़ दिया। लखनऊ में लगाया गया यह शतक उनके करियर की यादगार पारियों में शामिल हो गया है।

Tags