Shubman Gill Stunning Catch vs Sri Lanka : कोलंबो टेस्ट में कप्तान शुभमन गिल ने पकड़ा अविश्वसनीय कैच, हवा में डाइव लगाकर कामिंदु मेंडिस को भेजा पवेलियन
Shubman Gill Stunning Catch vs Sri Lanka: भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो (SSC ग्राउंड) में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन भारतीय कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) ने मैदान पर अपनी असाधारण फील्डिंग का मुजाहिरा पेश किया। गिल ने हवा में पीछे की ओर दौड़ते हुए और शानदार डाइव लगाकर सेट बल्लेबाज कामिंदु मेंडिस का ऐसा हैरतअंगेज कैच लपका, जिसे देखकर मैदान पर मौजूद सभी खिलाड़ी और दर्शक दंग रह गए।
इस शानदार कैच की बदौलत भारत ने श्रीलंका की खतरनाक साबित हो रही शतकीय साझेदारी को तोड़कर मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली।
पीछे दौड़ते हुए गिल ने पकड़ा शानदार कैच
श्रीलंका की दूसरी पारी के दौरान टीम ने शुरुआती दो विकेट जल्दी गंवा दिए थे। इसके बाद पासिंदु सूरियाबंडारा और कामेंदु मेंडिस ने पारी को संभालते हुए महत्वपूर्ण साझेदारी की। श्रीलंकाई पारी के 43वें ओवर की पहली गेंद प्रसिद्ध कृष्णा ने डाली। मेंडिस ने गेंद को पुल करने का प्रयास किया, लेकिन उनका शॉट ठीक से कनेक्ट नहीं हुआ और गेंद स्क्वायर लेग की दिशा में हवा में चली गई।
वहां तैनात कप्तान शुभमन गिल ने गेंद पर नजर बनाए रखते हुए तेजी से पीछे की ओर दौड़ लगाई। गेंद के करीब पहुंचने के बाद उन्होंने छलांग लगाकर दोनों हाथों से शानदार कैच पकड़ लिया। गिल के इस जबरदस्त प्रयास ने कामेंदु मेंडिस की पारी का अंत कर दिया। मेंडिस 52 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
भारत की नजर श्रीलंका के बाकी विकेटों पर
कोलंबो टेस्ट में भारतीय टीम ने पहली पारी में 503 रन बनाए थे, जबकि श्रीलंका की पहली पारी 290 रन पर सिमट गई थी। इसके बाद मेजबान टीम को फॉलोऑन खेलना पड़ा।चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी में 6 विकेट पर 229 रन बना लिए थे। श्रीलंका के पास उस समय भारत के खिलाफ 16 रन की बढ़त थी।अब पांचवें दिन भारतीय टीम की कोशिश श्रीलंका की पारी को जल्द से जल्द समेटने की होगी, ताकि मिले लक्ष्य का पीछा कर भारत टेस्ट मैच जीतने के साथ दो मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप करने की स्थिति मजबूत कर सके।
