SMAT 2026: 17 साल के विकल्प तिवारी का धमाका, 44 गेंदों में जड़ा तूफानी शतक

SMAT 2026: 17-year-old Vikalp Tiwari makes a splash, smashes a blistering century off 44 balls
 
कप्तान के रूप में T20 डेब्यू करने वाले छत्तीसगढ़ के युवा बल्लेबाज ने तीसरे ही मुकाबले में रचा कमाल, 56 गेंदों पर 119 रन बनाकर हुए रिटायर्ड हर्ट

कप्तान के रूप में T20 डेब्यू करने वाले छत्तीसगढ़ के युवा बल्लेबाज ने तीसरे ही मुकाबले में रचा कमाल, 56 गेंदों पर 119 रन बनाकर हुए रिटायर्ड हर्ट

Syed Mushtaq Ali T20 Trophy 2026  :  सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी 2026 में छत्तीसगढ़ के 17 वर्षीय कप्तान विकल्प तिवारी ने अपने शानदार प्रदर्शन से क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा है। टूर्नामेंट में कप्तान और खिलाड़ी के रूप में टी20 करियर का आगाज करने वाले विकल्प ने अब अपने तीसरे ही मुकाबले में तूफानी शतक जड़ दिया। ओडिशा के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने महज 44 गेंदों में अपना शतक पूरा कर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया।

कप्तानी की जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी में भी कमाल

महज 17 साल की उम्र में छत्तीसगढ़ की कप्तानी संभालना अपने आप में बड़ी जिम्मेदारी है। विकल्प तिवारी ने इस चुनौती को बखूबी निभाते हुए बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन किया है। सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के पहले मुकाबले में ही उन्होंने अर्धशतक जड़कर अपने इरादे जाहिर कर दिए थे। अब तीसरे टी20 मुकाबले में शतक लगाकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का एक और शानदार परिचय दिया।

44 गेंदों में पूरा किया शतक

ओडिशा के खिलाफ विकल्प तिवारी ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 15 चौकों और तीन छक्कों की मदद से शतक पूरा किया। यह सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी 2026 में अब तक का तीसरा शतक बताया जा रहा है। उनके टी20 करियर का यह पहला शतक है। इससे पहले उनके नाम एक अर्धशतक दर्ज था, जो उन्होंने इसी टूर्नामेंट में अपने डेब्यू मुकाबले में बनाया था।


119 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए विकल्प

विकल्प की शानदार पारी 56 गेंदों तक चली। उन्होंने 18 चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 119 रन बनाए, जिसके बाद उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। उनकी इस विस्फोटक पारी की बदौलत छत्तीसगढ़ की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 228 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। महज 17 साल की उम्र में कप्तानी के साथ बल्लेबाजी में ऐसा प्रदर्शन विकल्प तिवारी के उज्ज्वल भविष्य की ओर संकेत करता है। अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें उनके आगामी मुकाबलों और प्रदर्शन पर रहेंगी।

Tags