SRH vs RCB: अभिषेक, ईशान और क्लासेन की तिकड़ी ने रचा इतिहास, सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल में बनाया महा-रिकॉर्ड
IPL 2026 SRH Record: आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का तूफानी प्रदर्शन लगातार जारी है। प्लेऑफ में पहले ही कदम रख चुकी हैदराबाद की टीम ने डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ लीग स्टेज के अपने अंतिम मैच में रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए SRH ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 255 रनों का विशाल स्कोर बनाया।
इस मुकाबले में हैदराबाद के तीन धाकड़ बल्लेबाजों—अभिषेक शर्मा, हेनरिक क्लासेन और ईशान किशन के बल्ले का ऐसा गदर देखने को मिला, जिसने आईपीएल इतिहास के कई बड़े रिकॉर्ड्स को मटियामेट कर दिया।
एक ही सीजन में तीन बल्लेबाजों ने पार किया 500+ रनों का आंकड़ा
आरसीबी के खिलाफ मैच में ईशान किशन ने 79 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इस पारी के दम पर उन्होंने आईपीएल 2026 में अपने 500 रन पूरे कर लिए। ईशान के इस आंकड़े को छूते ही सनराइजर्स हैदराबाद ने एक बेहद खास क्लब में एंट्री मार ली है।
आईपीएल के इतिहास में हैदराबाद अब सिर्फ दूसरी ऐसी टीम बन गई है, जिसके तीन बल्लेबाजों ने किसी एक सीजन में 500 या उससे ज्यादा रन बनाए हों। ईशान से पहले सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और मिडिल ऑर्डर के स्टार हेनरिक क्लासेन इस सीजन में 500 रनों की दहलीज पार कर चुके थे।
आईपीएल 2026 में SRH की टॉप तिकड़ी का प्रदर्शन
-
हेनरिक क्लासेन: 606 रन (सीजन में टीम के लिए सबसे ज्यादा)
-
ईशान किशन: 569 रन
-
अभिषेक शर्मा: 563 रन
आईपीएल इतिहास में सबसे पहले यह कारनामा साल 2025 में गुजरात टाइटंस (GT) ने किया था। तब गुजरात की तरफ से साई सुदर्शन, शुभमन गिल और जोस बटलर की तिकड़ी ने एक ही सीजन में 500 से अधिक रन कूट डाले थे।
एक सीजन में सबसे ज्यादा बार '200 प्लस' का स्कोर
सनराइजर्स हैदराबाद ने इस मैच में जैसे ही 200 रनों का आंकड़ा पार किया, उन्होंने पंजाब किंग्स (PBKS) का एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।हैदराबाद अब आईपीएल के किसी एक सीजन में सबसे ज्यादा बार 200 या उससे अधिक रनों का स्कोर खड़ा करने वाली टीम बन गई है। आईपीएल 2026 के इस सीजन में हैदराबाद की टीम ने अब तक 9 बार 200+ रनों का स्कोर बनाया है, जो कि अपने आप में एक मिसाल है। इससे पहले यह रिकॉर्ड पंजाब किंग्स के नाम था, जो उन्होंने साल 2025 के सीजन में बनाया था।
इस ऐतिहासिक प्रदर्शन से यह साफ है कि आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद की बल्लेबाजी लाइन-अप विपक्षी कप्तानों के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द बनी हुई है। प्लेऑफ से ठीक पहले टीम के तीनों मुख्य बल्लेबाजों का इस फॉर्म में होना विरोधी टीमों के लिए खतरे की बड़ी घंटी है।
