Suryakumar Yadav 15 ball fifty: सूर्यकुमार यादव का तूफान, महज 21 गेंदों में नाबाद 60 रन ठोक मुंबई को दिलाई शानदार जीत
Hyderabad vs Mumbai, Elite Group D, Syed Mushtaq Ali Trophy Elite 2026 - भारतीय टी20 टीम के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से एक बार फिर धमाल मचा दिया। उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में महज 21 गेंदों पर नाबाद 60 रन की पारी खेलकर मुंबई को सात विकेट से शानदार जीत दिलाई। अपनी इस पारी में सूर्या ने छह चौके और पांच छक्के जड़े।
शनिवार को कोलकाता के जाधवपुर यूनिवर्सिटी कैंपस सेकंड ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में मुंबई ने हैदराबाद को 41 गेंद शेष रहते सात विकेट से हराया। इस जीत के साथ मुंबई को चार अंक भी हासिल हुए।
15 गेंदों में पूरा किया अर्धशतक
173 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत अच्छी रही। अंगक्रिश रघुवंशी ने 27 और हार्दिक तमोरे ने 22 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। इसके बाद तमोरे और मुशीर खान ने दूसरे विकेट के लिए 49 रनों की साझेदारी की।
मुशीर खान ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 24 गेंदों पर 51 रन बनाए। उनकी पारी में छह चौके और तीन छक्के शामिल रहे। मुशीर के आउट होने के बाद सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला और हैदराबाद के गेंदबाजों पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया।
सूर्या ने महज 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 21 गेंदों पर 60 रन बनाकर नाबाद रहे। शिवम दुबे ने 13 रन बनाकर उनका साथ दिया। मुंबई ने 13.1 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
मुंबई के गेंदबाजों ने भी दिखाया दम
इससे पहले मुंबई के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुंबई के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर हैदराबाद को बड़ा स्कोर बनाने से रोके रखा।हैदराबाद की पूरी टीम 20 ओवर में 172 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। अभिरथ रेड्डी ने सर्वाधिक 35 रन बनाए, लेकिन कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं पहुंच सका।
मुंबई की ओर से मैक्सवेल स्वामीनाथन सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 23 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। शिवम दुबे और साईराज पाटिल ने दो-दो विकेट झटके, जबकि शार्दुल ठाकुर और अथर्व अंकोलेकर को एक-एक सफलता मिली।सूर्यकुमार यादव की विस्फोटक बल्लेबाजी और गेंदबाजों के सामूहिक प्रदर्शन ने मुंबई को इस मुकाबले में एकतरफा जीत दिलाई।
