T20 Blast 2026 : इंग्लैंड में दिखेगा पाकिस्तानी स्पिनर उस्मान तारिक का जलवा, वार्विकशायर से किया करार
T20 Blast 2026 : उस्मान तारिक एक बार फिर सुर्खियों में हैं। अपनी रहस्यमयी गेंदबाजी और अनोखे बॉलिंग एक्शन के लिए चर्चा में रहने वाले पाकिस्तान के इस स्पिनर को इंग्लैंड की प्रतिष्ठित टी20 प्रतियोगिता T20 ब्लास्ट में खेलने का बड़ा मौका मिला है। यह अवसर उनके क्रिकेट करियर का अहम पड़ाव माना जा रहा है।
28 वर्षीय पाकिस्तानी स्पिनर उस्मान तारिक ने इंग्लिश काउंटी क्लब वार्विकशायर के साथ करार किया है। वह पूरे टूर्नामेंट के दौरान टीम के लिए उपलब्ध रहेंगे। इसके बाद वह द हंड्रेड में बर्मिंघम फीनिक्स का प्रतिनिधित्व करते नजर आएंगे।
कम समय में बनाई खास पहचान
उस्मान तारिक का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक का सफर काफी तेज रहा है। टी20 डेब्यू के महज दो साल के भीतर उन्होंने पाकिस्तान की राष्ट्रीय टीम में जगह बना ली। अब तक खेले गए 9 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में वह 18 विकेट हासिल कर चुके हैं। उनकी इकॉनमी और औसत दोनों प्रभावशाली रहे हैं।
उनकी गेंदबाजी की सबसे बड़ी खासियत विविधता है। ऑफब्रेक, गूगली और लेगब्रेक का मिश्रण बल्लेबाजों के लिए उन्हें पढ़ना मुश्किल बना देता है। गेंद फेंकने से पहले उनका खास पॉज भी उन्हें अलग पहचान दिलाता है।
दुनियाभर की लीगों में मिला मौका
पाकिस्तान सुपर लीग में शानदार प्रदर्शन के बाद तारिक को कैरेबियन प्रीमियर लीग, ILT20 और अबू धाबी T10 जैसी बड़ी लीगों में खेलने का अवसर मिला। अब पहली बार वह इंग्लैंड की परिस्थितियों में अपनी स्पिन का जादू दिखाने के लिए तैयार हैं।
टीम मैनेजमेंट को बड़ी उम्मीदें
वार्विकशायर के परफॉर्मेंस डायरेक्टर जेम्स थॉमस ने इस साइनिंग को टीम के लिए अहम बताया। उन्होंने कहा कि उस्मान की रणनीतिक समझ, विविध गेंदबाजी और लगातार बेहतर प्रदर्शन की भूख उन्हें आधुनिक व्हाइट-बॉल क्रिकेट का खतरनाक गेंदबाज बनाती है।
उन्होंने यह भी कहा कि वार्विकशायर और बर्मिंघम फीनिक्स के बीच तालमेल से खिलाड़ी को दोनों टूर्नामेंट्स में निरंतरता मिलेगी, जिसका फायदा टीम को भी होगा। अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें इस बात पर टिकी होंगी कि इंग्लैंड की पिचों पर उस्मान तारिक की मिस्ट्री स्पिन कितना असर छोड़ पाती है।
