T20 World Cup 2026: नीदरलैंड्स के खिलाफ फिर फ्लॉप हुए अभिषेक शर्मा, अनचाहे रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम
India vs Netherlands, 36th Match, Group A, ICC Men's T20 World Cup 2026 : भारतीय टीम अपना आखिरी मुकाबला नीदरलैंड्स के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेल रही है। इस अहम मुकाबले में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
टीम इंडिया को इस मैच में ओपनर अभिषेक शर्मा से बड़ी पारी की उम्मीद थी, खासकर इसलिए क्योंकि वह पहले दो मैचों में खाता तक नहीं खोल पाए थे। लेकिन नीदरलैंड्स के खिलाफ भी कहानी नहीं बदली। अभिषेक महज तीन गेंद खेलने के बाद आर्यन दत्त की गेंद पर बोल्ड हो गए और एक बार फिर डक पर पवेलियन लौटे। आउट होने के बाद उनके चेहरे पर साफ निराशा झलक रही थी।
अभिषेक शर्मा के नाम जुड़ा शर्मनाक रिकॉर्ड
इस मैच के साथ ही अभिषेक शर्मा ने एक ऐसा रिकॉर्ड बना लिया, जिसे कोई भी खिलाड़ी अपने नाम नहीं देखना चाहेगा। वह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत की ओर से एक ही एडिशन में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले किसी भी भारतीय खिलाड़ी ने एक संस्करण में तीन बार शून्य पर पारी नहीं गंवाई थी।
इसके साथ ही अभिषेक ने टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने के मामले में आशीष नेहरा की भी बराबरी कर ली है, जिनके नाम भी तीन डक दर्ज हैं। इतना ही नहीं, वह लगातार तीन पारियों में डक पर आउट होने वाले भारतीय टीम के दूसरे खिलाड़ी बने। इससे पहले यह अनचाहा रिकॉर्ड वाशिंगटन सुंदर के नाम दर्ज था।
एक संस्करण में सबसे ज्यादा डक (टी20 वर्ल्ड कप)
-
आंद्रे फ्लेचर (वेस्टइंडीज) – 3 डक (2009)
-
रिची बेरिंगटन (स्कॉटलैंड) – 3 डक (2021)
-
रेगिस चकाबवा (जिम्बाब्वे) – 3 डक (2022)
-
रोजर मुस्का (युगांडा) – 3 डक (2024)
-
तांजिद हसन (बांग्लादेश) – 3 डक (2024)
-
अभिषेक शर्मा (भारत) – 3 डक (2026)
टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा डक वाले भारतीय खिलाड़ी
-
अभिषेक शर्मा – 3
-
आशीष नेहरा – 3
-
शिवम दुबे – 2
-
गौतम गंभीर – 2
-
रवींद्र जडेजा – 2
-
विराट कोहली – 2
-
अक्षर पटेल – 2
टोटका भी नहीं आया काम
नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले में अभिषेक शर्मा जब बल्लेबाजी करने उतरे, तो उन्होंने भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के नाम की जर्सी पहन रखी थी, जिसे कई लोग किस्मत बदलने का टोटका मान रहे थे। हालांकि यह प्रयोग भी नाकाम रहा।
आंकड़ों पर नजर डालें तो अभिषेक की पिछली सात टी20 इंटरनेशनल पारियों में यह पांचवां डक है। इन सात पारियों के बीच वह सिर्फ दो बार ही 68 और 30 रन की उपयोगी पारी खेल पाए हैं। इसके साथ ही भारत की ओर से टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने के मामले में वह अब कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं।
