T20 World Cup 2026 : भारत का पहला वार्मअप मैच 4 फरवरी को, जानिए समय और स्थान

T20 World Cup 2026: India's first warm-up match on February 4th, know the time and venue.
 
T20 World Cup 2026
T20 World Cup 2026 :  टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज़ 7 फरवरी से होने जा रहा है। इससे पहले सभी टीमें वार्मअप मैचों के ज़रिये अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रही हैं। भारतीय टीम भी अब अपने पहले वार्मअप मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार है। खास बात यह है कि इस मुकाबले में वही टीम मैदान में उतरेगी, जो विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व करती नजर आएगी।

4 फरवरी को खेलेगा भारत अपना पहला वार्मअप मैच

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप में अपना पहला मुकाबला 7 फरवरी को यूएसए के खिलाफ खेलेगी। लेकिन उससे पहले टीम इंडिया अपनी तैयारियों को परखने के लिए 4 फरवरी (बुधवार) को वार्मअप मैच खेलेगी। फिलहाल टीम इंडिया का कैंप मुंबई में लगा हुआ है, जहां खिलाड़ी जमकर अभ्यास कर रहे हैं।

भारत बनाम साउथ अफ्रीका: शाम 7 बजे से मुकाबला

भारतीय टीम अपना वार्मअप मैच साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी। यह मुकाबला 4 फरवरी को मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में आयोजित होगा। मैच की शुरुआत शाम 7 बजे से होगी। खास बात यह है कि टी20 वर्ल्ड कप में भी भारत अपने सभी मुकाबले इसी समय खेलेगा, ऐसे में यह वार्मअप मैच टीम के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। भले ही यह एक अभ्यास मैच हो, लेकिन साउथ अफ्रीका की टीम की मजबूती को देखते हुए मुकाबला रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज जीतकर आ रही है टीम इंडिया

भारतीय टीम हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेलकर आ रही है। भारत ने पांच मैचों की इस सीरीज को 4-1 से अपने नाम किया था। टीम ने शुरुआती तीन मैच जीतकर सीरीज पर कब्जा जमाया, जबकि चौथे मैच में कुछ प्रयोगों के चलते हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, आखिरी मुकाबला जीतकर टीम इंडिया ने सीरीज का शानदार समापन किया।

सलामी जोड़ी को लेकर बढ़ी उत्सुकता

भारत बनाम साउथ अफ्रीका वार्मअप मैच में सभी की निगाहें भारतीय टीम की सलामी जोड़ी पर टिकी होंगी। बड़ा सवाल यही है कि ओपनिंग में अभिषेक शर्मा के साथ संजू सैमसन उतरेंगे या फिर ईशान किशन को मौका मिलेगा।न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में जहां संजू सैमसन लगातार मौके मिलने के बावजूद खास प्रदर्शन नहीं कर पाए, वहीं ईशान किशन ने तीसरे नंबर पर उतरकर शानदार बल्लेबाजी की और एक शतक भी जड़ा था। ऐसे में टीम मैनेजमेंट के सामने चयन को लेकर दिलचस्प फैसला होगा।

Tags