T20 World Cup 2026 : सिकंदर रजा ने रचा इतिहास, रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा
कप्तान के तौर पर बनाया खास रिकॉर्ड
सिकंदर रजा ने यह अवॉर्ड 39 साल और 301 दिन की उम्र में जीता। इसके साथ ही वह आईसीसी टूर्नामेंट में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा उम्र में प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।इस उपलब्धि के साथ उन्होंने भारतीय टीम के कप्तान Rohit Sharma को पीछे छोड़ दिया। रोहित ने 37 साल और 331 दिन की उम्र में चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में यह सम्मान हासिल किया था।इतना ही नहीं, रजा टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में कप्तान के तौर पर प्लेयर ऑफ द मैच जीतने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी बन गए हैं।
शोएब मलिक को भी छोड़ा पीछे
टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा उम्र में प्लेयर ऑफ द मैच जीतने के मामले में सिकंदर रजा अब दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर Shoaib Malik को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 39 साल और 279 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी।इस सूची में उनसे आगे अब सिर्फ श्रीलंका के दिग्गज Sanath Jayasuriya का नाम है, जिन्होंने 39 साल और 345 दिन की उम्र में प्लेयर ऑफ द मैच जीता था।
आखिरी ओवर में जीता रोमांचक मुकाबला
मैच की बात करें तो श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 178 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से पथुम निसंका ने 41 गेंदों में 62 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने संयम और आक्रामक बल्लेबाजी का बेहतरीन मिश्रण दिखाया। ब्रायन बेनेट ने 48 गेंदों पर 63 रन बनाए, जबकि रेयान बर्ल ने 12 गेंदों में 23 रन की तेज पारी खेली। अंत में सिकंदर रजा की तूफानी बल्लेबाजी ने टीम को आखिरी ओवर में जीत दिला दी। इस जीत के साथ जिम्बाब्वे ने टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी है, वहीं सिकंदर रजा का नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है।
