इस खिलाडी ने BPL के आगामी सीज़न से नाम लिया वापस

Tamim Iqbal withdraws from the upcoming season of BPL
 
Tamim Iqbal
बांग्लादेश के अनुभवी और सफल बल्लेबाज तमीम इकबाल ने एक बड़ा फैसला लेते हुए बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) के आगामी संस्करण में नहीं खेलने का निर्णय लिया है। उन्होंने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) से अनुरोध किया था कि उन्हें 23 नवंबर को होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी (प्लेयर्स ड्राफ्ट) से बाहर रखा जाए, जिसे बोर्ड ने स्वीकार कर लिया है।

तमीम इकबाल ने की पुष्टि

क्रिकबज के हवाले से तमीम इकबाल ने इस खबर की पुष्टि की। तमीम ने कहा, "हाँ, मैं बीपीएल में हिस्सा नहीं ले रहा हूँ, क्योंकि मैंने बीसीबी क्रिकेट ऑपरेशन मैनेजर शहरयार नफीस से खिलाड़ियों के ड्राफ्ट से मेरा नाम हटाने का अनुरोध किया है।" 2012 में बीपीएल की शुरुआत के बाद से, तमीम ने टूर्नामेंट के हर संस्करण में भाग लिया है और उन्हें बांग्लादेश प्रीमियर लीग के इतिहास का सबसे सफल बल्लेबाज माना जाता है।तमीम ने फॉर्च्यून बॉरिशल को लगातार दो खिताब दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और उन्होंने कई मौकों पर एक कप्तान और बल्लेबाज दोनों के रूप में टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया।

प्रोफेशनल क्रिकेट से दूरी और स्वास्थ्य कारण

36 वर्षीय तमीम इकबाल मार्च 2024 से प्रोफेशनल क्रिकेट से दूर हैं।पिछले काफी समय से बीमार रहने के कारण उन्हें इस टूर्नामेंट की तैयारी के लिए ज्यादा समय नहीं मिल पाया था। पिछले साल उन्हें एक घरेलू मैच के दौरान दिल का दौरा भी पड़ा था, जिसके बाद से वह अपनी रिकवरी पर ध्यान केंद्रित कर रहे थे। खेल से दूर रहने के दौरान उन्होंने क्रिकेट प्रशासन में भी रुचि दिखाई थी और बीसीबी चुनाव में उतरने का फैसला किया था। हालांकि, बाद में चुनावी प्रक्रिया में सरकारी हस्तक्षेप का हवाला देते हुए उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि तमीम इकबाल मैदान पर कब तक वापसी कर पाते हैं।

Tags