भारत पहुंची वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम, 8 मुकाबलों की सीरीज में आमने-सामने होंगी भारत और कैरेबियाई टीम

West Indies cricket team arrives in India; India and the Caribbean team to face off in an eight-match series.
 
भारत पहुंची वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम, 8 मुकाबलों की सीरीज में आमने-सामने होंगी भारत और कैरेबियाई टीम

भारत और वेस्टइंडीज के बीच आगामी सीमित ओवरों की सीरीज को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम भारत पहुंच चुकी है। कैरेबियाई टीम को भारत दौरे पर तीन वनडे और पांच टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने हैं। वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 27 सितंबर को खेला जाएगा। वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने टीम के भारत पहुंचने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं। टीम की अगुवाई वनडे में विकेटकीपर-बल्लेबाज शे होप करेंगे।

27 सितंबर से शुरू होगी वनडे सीरीज

भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 27 सितंबर को होगा। इसके बाद दूसरा वनडे 30 सितंबर और तीसरा मैच 3 अक्टूबर को खेला जाएगा। वनडे सीरीज समाप्त होने के बाद दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज शुरू होगी, जिसका पहला मुकाबला 6 अक्टूबर को प्रस्तावित है।इस तरह भारत दौरे पर दोनों टीमों के बीच कुल आठ मुकाबले खेले जाएंगे।

शे होप संभालेंगे वेस्टइंडीज की कमान

वेस्टइंडीज ने वनडे सीरीज के लिए अपने 15 सदस्यीय दल का ऐलान पहले ही कर दिया है। टीम की कप्तानी शे होप को सौंपी गई है। उनके अलावा ज्वेल एंड्रयू, जॉन कैंपबेल, कीसी कार्टी, रोस्टन चेस और मैथ्यू फोर्ड जैसे खिलाड़ी टीम का हिस्सा हैं।

गेंदबाजी विभाग में अल्जारी जोसेफ, शमर जोसेफ, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, शेरफेन रदरफोर्ड और जेडन सील्स जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाली इस सीरीज में दोनों टीमों के कई अनुभवी और युवा खिलाड़ियों पर नजर रहेगी।

भारत के लिए वनडे विश्व कप की तैयारियों का अहम दौर

आगामी वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए भारत के लिए यह सीरीज भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से भारतीय टीम अपनी रणनीति और संयोजन को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ेगी।भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले मुकाबलों में विराट कोहली और रोहित शर्मा की मौजूदगी भी दर्शकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहेगी।

भारत दौरे के लिए वेस्टइंडीज की वनडे टीम

शे होप (कप्तान), ज्वेल एंड्रयू, जॉन कैंपबेल, कीसी कार्टी, रोस्टन चेस, मैथ्यू फोर्ड, जस्टिन ग्रीव्स, आमिर जांगू, अल्जारी जोसेफ, शमर जोसेफ, विटेल लॉज, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, शेरफेन रदरफोर्ड और जेडन सील्स।

Tags