India A vs Australia A : तिलक वर्मा का शानदार प्रदर्शन, शतक से रहे बस 6 रन दूर

India A vs Australia A: Tilak Varma brilliant performance just 6 runs away from a century
 
Tilak Varma
India A vs Australia A:  एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ धमाकेदार 69 रन बनाकर हीरो बने तिलक वर्मा ने एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी से सबको प्रभावित किया है। भारत लौटने के बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ खेलते हुए शानदार पारी खेली, हालांकि वे अपने शतक से चूक गए। इस दौरान रियान पराग ने भी उम्दा अर्धशतक जमाया।

कानपुर में जारी भारत ए बनाम ऑस्ट्रेलिया ए मुकाबला

कानपुर में खेले जा रहे इस मैच में भारत ए की शुरुआत उम्मीदों के मुताबिक नहीं रही। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा गोल्डन डक पर आउट हुए, वहीं प्रियांश आर्या सिर्फ 1 रन ही बना पाए। कप्तान श्रेयस अय्यर भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और मात्र 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। ऐसे में तीसरे नंबर पर उतरे तिलक वर्मा ने जिम्मेदारी संभाली और एक छोर टिके रहे।

94 रनों की शानदार पारी, शतक से रह गए दूर

तिलक वर्मा ने 122 गेंदों पर 94 रन बनाए। उनकी इस पारी में 5 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। खास बात यह रही कि हाल ही में टी20 इंटरनेशनल खेलने के बावजूद उन्होंने बिल्कुल धैर्य और समझदारी से पारंपरिक वनडे अंदाज़ में बल्लेबाजी की। दूसरी ओर रियान पराग ने उनका अच्छा साथ दिया और 54 गेंदों पर 58 रन बनाए। अंतिम समय में रवि बिश्नोई ने भी 30 गेंदों पर 26 रन जोड़ दिए।

45.5 ओवर में सिमटी भारत ए की पारी

दोनों बल्लेबाजों की बेहतरीन साझेदारी के बावजूद भारत ए 50 ओवर पूरे नहीं खेल सकी और 45.5 ओवर में ही 246 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। अब ऑस्ट्रेलिया ए को जीत के लिए 247 रनों का लक्ष्य मिला है। यह तीन मैचों की वनडे सीरीज है। भारत ए पहला मुकाबला जीतकर पहले ही सीरीज में बढ़त हासिल कर चुका है। अगर टीम यह मैच जीतती है तो सीरीज उसके नाम हो जाएगी। वहीं, हार की स्थिति में तीसरा और आखिरी मुकाबला निर्णायक साबित होगा, जो रविवार को कानपुर में ही खेला जाएगा। इस सीरीज में दोनों टीमों के कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी खेल रहे हैं, जिससे मुकाबले और भी रोमांचक बन गए हैं।

Tags