देश की पहली सांस्कृतिक क्रिकेट लीग ‘सनातन प्रीमियर लीग’ के ट्रायल शुरू
एसपीएल सीजन–वन: लखनऊ में 14–15 फरवरी को होंगे ट्रायल, यॉर्कर क्रिकेट एकेडमी में मिलेगा युवा खिलाड़ियों को मंच
Fri, 13 Feb 2026
लखनऊ, 13 फरवरी 2026: क्रिकेट, संस्कृति और जीवन मूल्यों के अनूठे समन्वय के साथ सनातन प्रीमियर लीग (SPL) का पहला सीजन मार्च 2026 में आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में लखनऊ में 14 और 15 फरवरी 2026 को निःशुल्क ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। ये ट्रायल यॉर्कर क्रिकेट एकेडमी, लखनऊ में होंगे, जहां बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
एसपीएल के संस्थापक विजय शर्मा हैं, जबकि सह-संस्थापक देव जोशी और आनंद मिश्रा हैं। लीग का आयोजन सनातन क्रिकेट क्लब द्वारा किया जा रहा है। लीग का उद्देश्य उन युवाओं तक पहुंचना है जो क्रिकेट से जुड़े रहते हुए भी कई बार जीवन मूल्यों और सामाजिक दिशा से भटक जाते हैं। आयोजकों का मानना है कि खेल को सही मार्गदर्शन और उद्देश्य मिले, तो यह समाज में सकारात्मक बदलाव का सशक्त माध्यम बन सकता है।
एसपीएल के ट्रायल देश के प्रमुख शहरों में आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें 15 से 40 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। चयनित खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद वे 12 से 15 मार्च के बीच इंदौर में होने वाले मुख्य टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे। मैचों का प्रसारण प्रमुख स्पोर्ट्स चैनलों और OTT प्लेटफॉर्म्स पर किए जाने की बात कही गई है।
लीग को कई संतों और आध्यात्मिक गुरुओं का मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त है। इनमें जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री सदानंद सरस्वती जी महाराज, पूज्य देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज, पूज्य पंडित श्री प्रदीप मिश्रा जी, पूज्य चिन्मयानंद बापू जी महाराज, पूज्य श्री इंद्रेश उपाध्याय जी महाराज और पूज्य श्री अनिरुद्धाचार्य जी महाराज शामिल हैं। आयोजकों का कहना है कि यह पहल केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि अनुशासन, मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना से जुड़ा अभियान है।
लखनऊ ट्रायल के दौरान चयनकर्ता शत्रुघ्न तिवारी, बिनू चौधरी, प्रणय शर्मा, सिद्धार्थ जोशी और राजेश शर्मा भी मौजूद रहेंगे।
प्रसिद्ध कथावाचक और सनातन धर्म प्रचारक पूज्य देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज ने कहा,
“सनातन क्रिकेट लीग का आयोजन सामाजिक कल्याण और सनातन मूल्यों के प्रसार के उद्देश्य से किया जा रहा है। इसका लक्ष्य खेल के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, देशभक्ति, सेवा और सांस्कृतिक संस्कार विकसित करना है। यह लीग उन प्रतिभाशाली बच्चों को निःशुल्क अवसर देती है, जिनके पास सही मंच और संसाधन नहीं होते। साथ ही लीग से प्राप्त राशि का उपयोग बेटियों की शिक्षा, विवाह और उपेक्षित बेटियों की सुरक्षा जैसे सामाजिक कार्यों में किया जाएगा।”
एसपीएल में विजेता टीम को 31 लाख रुपये और उपविजेता टीम को 15 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को कार, बाइक और नकद पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। लीग के माध्यम से प्राकृतिक आपदाओं में सहायता, जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा, एसिड अटैक पीड़ितों का पुनर्वास, गंभीर स्वास्थ्य जरूरतों के लिए आर्थिक मदद और वंचित वर्ग की बेटियों के विवाह जैसे सामाजिक कार्यों को भी समर्थन देने की बात कही गई है।
आयोजकों का विश्वास है कि सनातन प्रीमियर लीग आने वाले समय में एक ऐसी पहचान बनेगी, जहां क्रिकेट केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि संस्कृति, जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण का माध्यम भी होगा।
