U19 World Cup: पाकिस्तान की धीमी रनचेज से स्कॉटलैंड बाहर, जिम्बाब्वे को मिला सुपर-6 का टिकट
U19 World Cup: Pakistan's slow run chase sends Scotland out, Zimbabwe secures Super 6 berth
Fri, 23 Jan 2026
Zimbabwe U19 vs Pakistan U19, 19th Match, Group C, ICC Under 19 World Cup 2026 : अंडर-19 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की एक रणनीतिक बल्लेबाज़ी ने ग्रुप-सी का समीकरण बदल दिया। जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में खेले जा रहे टूर्नामेंट में पाकिस्तान ने जिम्बाब्वे को हराकर सुपर-6 में जगह बनाई, लेकिन इस जीत ने स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 129 रनों का लक्ष्य रखा था। जवाब में पाकिस्तान ने यह लक्ष्य 26.2 ओवर में 8 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। हालांकि जीत आसान दिख रही थी, लेकिन रनचेज की रफ्तार ने सवाल खड़े कर दिए।
स्लो रनचेज बना विवाद की वजह
ग्रुप-सी से सुपर-6 के लिए तीन टीमों को क्वालिफाई करना था। पाकिस्तान और इंग्लैंड का स्थान लगभग तय था, जबकि तीसरे स्थान के लिए जिम्बाब्वे और स्कॉटलैंड के बीच मुकाबला था। अगर पाकिस्तान यह लक्ष्य 25.2 ओवर के भीतर हासिल कर लेता, तो स्कॉटलैंड सुपर-6 में पहुंच जाता। लेकिन पाकिस्तान ने जानबूझकर रनगति धीमी रखी, जिससे जिम्बाब्वे को नेट रन रेट के आधार पर फायदा मिला और वह अगले दौर में पहुंच गया।
44 रन बनाने में लगे 74 गेंद
एक समय पाकिस्तान का स्कोर 14 ओवर में 84/2 था और जीत के लिए सिर्फ 44 रन चाहिए थे। इसके बावजूद बल्लेबाज़ों ने अगले 44 रन बनाने में 74 गेंदें खेलीं। क्रीज पर मौजूद समीर मन्हास ने संयमित बल्लेबाज़ी की और 74 रनों की नाबाद पारी खेली।
जैसे ही स्कॉटलैंड के बाहर होने की स्थिति साफ हुई, मन्हास ने लगातार दो छक्के लगाकर मुकाबला खत्म किया।
पाकिस्तान को भी हुआ फायदा
जिम्बाब्वे के सुपर-6 में पहुंचने से पाकिस्तान को भी लाभ मिला। टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार, ग्रुप स्टेज से सुपर-6 में वही मैचों के पॉइंट्स और नेट रन रेट जोड़े जाते हैं, जो क्वालिफाई करने वाली टीमों के खिलाफ खेले गए हों।
जिम्बाब्वे पर बड़ी जीत के कारण पाकिस्तान का नेट रन रेट बेहतर हुआ, जो स्कॉटलैंड के खिलाफ मिली जीत से ज्यादा फायदेमंद साबित हुआ।
