Vaibhav Sooryavanshi: सात समंदर पार भी गूंजा वैभव सूर्यवंशी का नाम, लॉर्ड्स टेस्ट के बीच दिग्गज क्रिकेटर ने की तारीफ
बारिश के खलल के बीच साइमन डूल का बड़ा बयान
लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन जब बारिश के कारण खेल को बार-बार रोकना पड़ा, तब स्काई स्पोर्ट्स (Sky Sports) के एक शो के दौरान न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज और मशहूर कमेंटेटर साइमन डूल ने वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की।
वैभव को टीम इंडिया में शामिल करने से जुड़े एक सवाल के जवाब में साइमन डूल ने कहा वैभव अभी भले ही सिर्फ 15 साल के हैं, लेकिन वे एक बेहद असाधारण और शानदार खिलाड़ी हैं। उन्होंने हालिया आईपीएल में कई बड़े अवॉर्ड्स अपने नाम किए हैं। मुझे यह नहीं पता कि उन्हें भारतीय टीम की प्लेइंग-11 में किस नंबर पर जगह मिलेगी, लेकिन मेरा मानना है कि उन्हें जल्द से जल्द सीनियर टीम इंडिया में शामिल किया जाना चाहिए।"
IPL 2026 में रनों का अंबार लगा चुके हैं वैभव
वैभव सूर्यवंशी को लेकर यह दीवानगी ऐसे ही नहीं है। आईपीएल 2026 के सीजन में इस युवा खब्बू बल्लेबाज ने अपने बल्ले से कोहराम मचाते हुए न सिर्फ सबसे ज्यादा रन बनाए (ऑरेंज कैप जीती), बल्कि कुल 5 बड़े अवॉर्ड्स भी अपने नाम किए। इसी धमाकेदार प्रदर्शन के बाद से ही उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उतारने की मांग लगातार तेज हो रही है।
आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया में जगह मिलना तय!
भारतीय टीम को जून के आखिरी में आयरलैंड के खिलाफ 2 मैचों की टी20 सीरीज और जुलाई की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। चयनकर्ता आगामी 6 जून को इस यूके दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान करने वाले हैं, जिसमें वैभव सूर्यवंशी का चुना जाना लगभग पक्का माना जा रहा है।
बीसीसीआई वैभव को साल 2028 में होने वाले लॉस एंजिल्स ओलंपिक गेम्स और अगले टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से अभी से तैयार करना चाहती है।
फैंस को श्रीलंका दौरे का इंतजार
सीनियर टीम इंडिया में चुने जाने की खबरों के बीच, वैभव सूर्यवंशी को 9 जून से श्रीलंका के दौरे पर खेली जाने वाली 'इंडिया ए' की ट्राई-सीरीज में हिस्सा लेना है। क्रिकेट फैंस इस फॉर्मेट में भी वैभव की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी को देखने के लिए काफी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
