वैभव सूर्यवंशी ने 28 गेंदों में जड़ा शतक, लिस्ट-A क्रिकेट में बनाया विश्व रिकॉर्ड

15 वर्षीय भारतीय बल्लेबाज ने जेक फ्रेजर-मैकगर्क का रिकॉर्ड तोड़ा, UAE के खिलाफ 14 छक्कों से मचाया धमाल

 
India A vs United Arab Emirates, 11th Match, Group B, ACC Men's Asia Cup Rising Stars 2026 -

India A vs United Arab Emirates, 11th Match, Group B, ACC Men's Asia Cup Rising Stars 2026 -  भारतीय क्रिकेट के युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से विश्व क्रिकेट में सनसनी मचा दी है। महज 15 वर्ष की उम्र में उन्होंने UAE के खिलाफ एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के मुकाबले में केवल 28 गेंदों पर शतक पूरा कर इतिहास रच दिया। इसके साथ ही वैभव लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।

24 नवंबर को खेले गए ACC मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स के 11वें मुकाबले में वैभव ने UAE के गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किया। उनकी पारी में चौकों के साथ लंबे-लंबे छक्कों की बरसात देखने को मिली। इस दौरान उन्होंने 14 गगनचुंबी छक्के भी जड़े।

वैभव ने ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क का रिकॉर्ड तोड़ दिया। फ्रेजर-मैकगर्क ने साउथ ऑस्ट्रेलिया की ओर से तस्मानिया के खिलाफ 29 गेंदों में शतक बनाया था। वैभव ने उनसे एक गेंद कम खेलकर यह उपलब्धि अपने नाम कर ली।

दिग्गज बल्लेबाजों को छोड़ा पीछे

लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज एबी डिविलियर्स तीसरे स्थान पर हैं। भारत के साकिबुल गनी चौथे और ईशान किशन पांचवें स्थान पर मौजूद हैं।

लिस्ट-A क्रिकेट के सबसे तेज शतक

  1. वैभव सूर्यवंशी – 28 गेंद, UAE के खिलाफ

  2. जेक फ्रेजर-मैकगर्क – 29 गेंद, तस्मानिया के खिलाफ

  3. एबी डिविलियर्स – 31 गेंद, वेस्टइंडीज के खिलाफ

  4. साकिबुल गनी – 32 गेंद, अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ

  5. ईशान किशन – 33 गेंद, कर्नाटक के खिलाफ

हरप्रीत भाटिया के शतक से UAE ने बनाए 249 रन

मुकाबले में UAE ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत A के सामने 250 रन का लक्ष्य रखा। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और महज 20 रन के स्कोर पर उसके दो विकेट गिर गए। इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे भारतीय मूल के हरप्रीत सिंह भाटिया ने मोर्चा संभाला और शानदार शतकीय पारी खेली।

हरप्रीत ने 144 गेंदों पर 130 रन बनाए। उनकी पारी में 12 चौके और चार छक्के शामिल रहे। उन्होंने मोहम्मद शाहदाद के साथ तीसरे विकेट के लिए 71 रन और एथन डिसूजा के साथ चौथे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की। इसके बाद कप्तान बेसिल हमीद के साथ 66 रन जोड़कर UAE को 249 रन तक पहुंचाया। बेसिल हमीद 36 रन बनाकर नाबाद रहे।

भारत A की ओर से अरशद खान सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 43 रन देकर चार विकेट हासिल किए। वैभव सूर्यवंशी की इस ऐतिहासिक पारी ने एक बार फिर साबित किया कि भारतीय क्रिकेट को कम उम्र में ही एक ऐसा आक्रामक बल्लेबाज मिल गया है, जो बड़े मंच पर भी अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचने की क्षमता रखता है।

Tags