Vaibhav Suryavanshi Star Power : श्रीलंका में होने वाली 'ए' टीमों की ट्राई-सीरीज के सभी मैचों का होगा लाइव टेलीकास्ट, जानें पूरा शेड्यूल
Vaibhav Suryavanshi Star Power : भारतीय क्रिकेट के नए 'वंडर बॉय' वैभव सूर्यवंशी की दीवानगी इस समय पूरे विश्व क्रिकेट के सिर चढ़कर बोल रही है। आईपीएल 2026 (IPL 2026) के मंच पर महज 15 साल की उम्र में दुनिया के धाकड़ गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाने वाले वैभव को देखने के लिए फैंस बेहद उत्सुक हैं। वैभव के इसी बढ़ते क्रेज का असर अब आगामी 'ए' टीमों की वनडे ट्राई-सीरीज पर भी देखने को मिल रहा है। फैंस की भारी मांग को देखते हुए इस पूरी सीरीज का टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाइव टेलीकास्ट करने का बड़ा फैसला लिया गया है।
यह ट्राई-सीरीज आगामी 9 जून से श्रीलंका की धरती पर खेली जाएगी, जहां वैभव सूर्यवंशी इंडिया-ए टीम की जर्सी में अपना जलवा बिखेरते नजर आएंगे।
भारत, श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच होगी भिड़ंत
श्रीलंका में आयोजित होने वाली इस त्रिकोणीय वनडे सीरीज में मेजबान श्रीलंका-ए के अलावा इंडिया-ए और अफगानिस्तान-ए की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
तिलक वर्मा करेंगे कप्तानी:
बीसीसीआई (BCCI) द्वारा घोषित की गई इंडिया-ए टीम की कमान स्टार खिलाड़ी तिलक वर्मा के हाथों में होगी, जबकि रुतुराज गायकवाड़ टीम के उपकप्तान होंगे। हालांकि, सबसे ज्यादा सुर्खियां वैभव सूर्यवंशी बटोर रहे हैं। वैभव ने अब तक अपने करियर में सिर्फ 8 लिस्ट-ए (घरेलू वनडे) मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 44.12 के शानदार औसत से 353 रन बनाए हैं। आईपीएल 2026 में उनके निडर अंदाज को देखने के बाद इस सीरीज में भी उनसे एक धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
कहाँ और कैसे देखें लाइव मुकाबले?
सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क (Sony Sports Network) ने सोशल मीडिया पर इस सीरीज के ब्रॉडकास्ट राइट्स की आधिकारिक घोषणा की है:
-
टीवी पर लाइव टेलीकास्ट: सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनल्स पर।
-
ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग: सोनी लिव (Sony LIV) ऐप और वेबसाइट पर।
-
समय: फाइनल सहित सभी मैच भारतीय समयानुसार सुबह 10:00 बजे से शुरू होंगे, जबकि टॉस सुबह 9:30 बजे होगा।
दांबुला में सजेगा महफिल, यह है पूरा शेड्यूल:
इस टूर्नामेंट के सभी मुकाबले दांबुला के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। वनडे ट्राई-सीरीज खत्म होने के बाद भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ दो 4-दिवसीय (टेस्ट) मैच भी खेलेगी, जिसका पहला मुकाबला 25 जून से गाले में शुरू होगा।
| तारीख | मुकाबला | मैदान |
| 09 जून | भारत-ए बनाम श्रीलंका-ए (पहला मैच) | दांबुला |
| 11 जून | भारत-ए बनाम अफगानिस्तान-ए | दांबुला |
| 13 जून | श्रीलंका-ए बनाम अफगानिस्तान-ए | दांबुला |
| 15 जून | भारत-ए बनाम श्रीलंका-ए | दांबुला |
| 17 जून | भारत-ए बनाम अफगानिस्तान-ए | दांबुला |
| 19 जून | श्रीलंका-ए बनाम अफगानिस्तान-ए | दांबुला |
| 21 जून | ग्रैंड फाइनल | दांबुला |
दौरे के लिए इंडिया-ए का पूरा स्क्वाड:
तिलक वर्मा (कप्तान), रुतुराज गायकवाड (उपकप्तान), वैभव सूर्यवंशी, प्रियांश आर्या, आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विपराज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान, अनुकूल रॉय।
