वैभव सूर्यवंशी का इंटरनेशनल डेब्यू करीब इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में मिल सकता है मौका, संजू सैमसन हो सकते हैं बाहर

Vaibhav Suryavanshi's international debut imminent: Could get a chance in the second T20 against England; Sanju Samson might be left out.
 
Vaibhav Suryavanshi)

England vs India  :  भारतीय क्रिकेट के युवा सनसनी और बाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) के फैंस का इंतजार अब जल्द ही खत्म हो सकता है। आयरलैंड के बाद इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भी भारतीय टीम के स्क्वाड में शामिल किए गए वैभव को आखिरकार शनिवार को होने वाले दूसरे टी20 मुकाबले में इंटरनेशनल डेब्यू करने का मौका मिल सकता है। बीसीसीआई (BCCI) की चयन समिति और टीम मैनेजमेंट आगामी मैचों में युवाओं को परखने की नीति के तहत वैभव को प्लेइंग इलेवन (Playing XI) में शामिल करने का मन बना चुका है।

लगातार फ्लॉप शो के बाद संजू सैमसन पर गिरेगी गाज!

वैभव सूर्यवंशी के इस संभावित डेब्यू का सीधा रास्ता सीनियर विकेटकीपर-बल्लेबाज सजू सैमसन (Sanju Samson) के खराब फॉर्म ने तैयार किया है। पिछले तीन टी20 मैचों से संजू रन बनाने के लिए बुरी तरह संघर्ष कर रहे हैं, जिसके चलते उनका प्लेइंग इलेवन से बाहर होना अब करीब-करीब तय माना जा रहा है।

संजू सैमसन का हालिया लचर प्रदर्शन कुछ इस प्रकार रहा है:

  • आयरलैंड के खिलाफ (पहला टी20): मात्र 5 रन बनाकर आउट हुए।

  • आयरलैंड के खिलाफ (दूसरा टी20): अपना खाता भी नहीं खोल सके और 'गोल्डन डक' (पहली ही गेंद पर आउट) का शिकार हुए।

  • इंग्लैंड के खिलाफ (पहला टी20): इस महत्वपूर्ण मैच में भी संजू का बल्ला खामोश रहा और वह 7 गेंदों का सामना करके केवल 1 रन बना सके।

तीन अंतरराष्ट्रीय पारियों में संजू के बल्ले से महज 6 रन निकले हैं। ऐसे में टीम मैनेजमेंट शनिवार को होने वाले दूसरे मुकाबले में उन्हें ड्रॉप करके वैभव सूर्यवंशी को आजमाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे ईशान किशन

संजू सैमसन के टीम से बाहर होने पर विकेटकीपिंग के विकल्प को लेकर टीम इंडिया के पास कोई समस्या नहीं होगी। टीम में बतौर ओपनर और विकेटकीपर ईशान किशन (Ishan Kishan) पहले से ही मौजूद हैं, जो कीपिंग ग्लव्स संभालेंगे। इससे पहले आयरलैंड के खिलाफ हुई सीरीज में भी संजू सैमसन के टीम में रहते हुए ईशान किशन ने ही विकेटकीपिंग की मुख्य जिम्मेदारी निभाई थी।

युवाओं को लंबा मौका देने की रणनीति

क्रिकेट विश्लेषकों का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी को यदि शनिवार को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में मौका मिलता है, तो उन्हें टीम मैनेजमेंट का पूरा बैकअप मिलेगा। बीसीसीआई की नई नीति के अनुसार, यदि वैभव अपने शुरुआती कुछ मैचों में बड़ा स्कोर नहीं भी बना पाते हैं, तो भी उन्हें अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए लगातार कुछ और मैचों में मौके दिए जाएंगे ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को ढाल सकें। शनिवार को होने वाले इस मुकाबले में सभी की निगाहें भारतीय टीम की नई प्लेइंग इलेवन और वैभव सूर्यवंशी के संभावित डेब्यू पर टिकी होंगी।

Tags