Womens Asia Cup 2026: थाईलैंड ने रोमांचक मुकाबले में हांगकांग को 6 रन से हराया, कप्तान नारुएमोल चायवाई बनीं प्लेयर ऑफ द मैच
Women's Asia Cup 2026 Opening Match: महिला एशिया कप 2026 का आगाज दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ। टूर्नामेंट के पहले मैच में थाईलैंड महिला टीम ने हांगकांग को 6 रनों से हराकर शानदार शुरुआत की। थाईलैंड द्वारा दिए गए 121 रनों के लक्ष्य के जवाब में हांगकांग की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट पर 114 रन ही बना सकी। महिला क्रिकेट इतिहास में हांगकांग के खिलाफ यह थाईलैंड की 8वीं जीत है।
आखिरी पांच ओवर में पलटा मैच
121 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हांगकांग की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम को शुरुआती झटका सिर्फ 1 रन के स्कोर पर लगा, जब मारिको हिल बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं। इसके बाद केरी चान और यास्मिन दासवानी ने 28-28 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की। एक समय हांगकांग की स्थिति मजबूत नजर आ रही थी। आखिरी पांच ओवर में टीम को जीत के लिए 37 रन की जरूरत थी और उसके छह विकेट सुरक्षित थे।
लेकिन थाईलैंड के गेंदबाजों ने दबाव के समय शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने हांगकांग के बल्लेबाजों को खुलकर रन बनाने का मौका नहीं दिया और पूरी टीम को 114 रन तक सीमित कर दिया। थाईलैंड की ओर से ओनिचा कामचोम्फु ने तीन विकेट लिए। फानिता माया को दो सफलता मिली, जबकि थिपात्चा पुत्थावोंग और सुलीपोर्न लाओमी ने एक-एक विकेट हासिल किया।
कप्तान नारुएमोल चायवाई ने संभाली पारी
टॉस जीतकर हांगकांग ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी थाईलैंड की टीम की शुरुआत भी बहुत मजबूत नहीं रही, लेकिन कप्तान नारुएमोल चायवाई ने जिम्मेदारी संभालते हुए शानदार पारी खेली। चायवाई ने 31 गेंदों पर 43 रन बनाए। उनकी पारी में चार चौके और दो छक्के शामिल रहे। उनके अलावा नन्नापत कोंचारोएनकाई ने 27, फानिता माया ने 19 और अफिसरा सुवांचोनराठी ने 11 रन बनाए।इन बल्लेबाजों के अलावा थाईलैंड का कोई अन्य खिलाड़ी दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच सका। इसके बावजूद टीम 120 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में सफल रही।
हांगकांग की गेंदबाजों ने भी दिखाया दम
हांगकांग की ओर से मरीना लैम्प्लो सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 11 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए। मेयी वाई सियू ने तीन और कैरी चान ने दो विकेट लिए। थाईलैंड की पारी में 43 रन बनाने वाली कप्तान नारुएमोल चायवाई को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
थाईलैंड ने आखिरी समय में बचाई जीत
हांगकांग की टीम लक्ष्य के करीब पहुंचकर भी मैच अपने नाम नहीं कर सकी। अंतिम पांच ओवर में थाईलैंड के गेंदबाजों ने शानदार वापसी की और रन गति पर पूरी तरह अंकुश लगा दिया। आखिरकार हांगकांग 20 ओवर में 114 रन ही बना सकी और थाईलैंड ने मुकाबला 6 रन से जीत लिया। महिला एशिया कप 2026 में अब श्रीलंका और यूएई के बीच मुकाबला खेला जाना है। टूर्नामेंट में आगे भी रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद है।
