Women's T20 World Cup 2026: मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में बांग्लादेश से भिड़ेगी टीम इंडिया, सेमीफाइनल की रेस के लिए जीत जरूरी

Women's T20 World Cup 2026: Team India to face Bangladesh at Old Trafford, Manchester; a win is crucial for the semi-final race.
 
India Women vs Bangladesh Women,

India Women vs Bangladesh Women, 23rd Match, Group A, ICC Women's T20 World Cup 2026 -  आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 में ग्रुप-ए का रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया है। अभी तक किसी भी टीम ने आधिकारिक तौर पर सेमीफाइनल में अपनी जगह पूरी तरह पक्की नहीं की है, हालांकि ग्रुप-ए में डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम की स्थिति बेहद मजबूत है। वहीं नॉकआउट की दूसरी टीम बनने के लिए भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है।

इस बीच, भारतीय महिला टीम अपना अगला मुकाबला 25 जून 2026 को बांग्लादेश के खिलाफ मैनचेस्टर के ऐतिहासिक ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेलने उतरेगी। सेमीफाइनल की रेस में बने रहने और अपने नेट रन रेट (NRR) को बेहतर करने के लिए हरमनप्रीत कौर की सेना के लिए यह मुकाबला बेहद निर्णायक होने वाला है।

पिच रिपोर्ट: बल्लेबाजों के लिए मददगार साबित हो सकती है ओल्ड ट्रैफर्ड की पिच

मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम की पिच पर इस टूर्नामेंट के दौरान सभी की नजरें टिकी हुई हैं। यह पिच बल्लेबाजों के लिए काफी अनुकूल मानी जा रही है। इस मैदान पर मौजूदा विश्व कप में अब तक कुल तीन मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें से दो बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत मिली है, जबकि एक बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम सफल रही है।

भारतीय टीम ने अपना पिछला मुकाबला दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इसी मैदान पर खेला था, जहां टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए 158 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। इस मैदान पर शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को थोड़ी सी स्विंग और मदद मिलती है, लेकिन खेल आगे बढ़ने के साथ ही विकेट सपाट हो जाता है और बल्लेबाज आसानी से बड़े शॉट्स खेल पाते हैं। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी कर एक बड़ा स्कोर बोर्ड पर टांगना चाहेगी।

मौसम के लिहाज से मैनचेस्टर से प्रशंसकों के लिए अच्छी खबर है। 'एक्यूवेदर' की रिपोर्ट के मुताबिक मुकाबला के दौरान आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे दर्शकों को पूरा मैच देखने को मिलेगा।

हेड-टू-हेड आंकड़े: टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया का एकतरफा दबदबा

जब बात भारत और बांग्लादेश की महिला टीमों के बीच आपसी भिड़ंत की आती है, तो आंकड़ों में भारतीय टीम का पलड़ा बेहद भारी नजर आता है।

  • कुल मुकाबले: 23

  • भारत की जीत: 20 मैच

  • बांग्लादेश की जीत: 03 मैच

साफ है कि टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारतीय टीम का हमेशा से दबदबा रहा है। भारतीय टीम इसी शानदार रिकॉर्ड और मनोवैज्ञानिक बढ़त के साथ मैदान पर उतरेगी ताकि पिछले मैच में मिली हार को भुलाकर टूर्नामेंट में जोरदार वापसी की जा सके।

Tags