WPL 2026 Final: RCB ने DC को 6 विकेट से हराकर दूसरी बार जीती विमेंस प्रीमियर लीग ट्रॉफी
Royal Challengers Bengaluru Women vs Delhi Capitals Women, Final, Women's Premier League 2026 : विमेंस प्रीमियर लीग 2026 का खिताब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 6 विकेट से शिकस्त देकर दूसरी बार ट्रॉफी जीतने का गौरव हासिल किया। इससे पहले केवल मुंबई इंडियंस ही दो बार WPL खिताब जीत सकी थी। वडोदरा के बीसीए स्टेडियम, कोटाम्बी में खेले गए इस रोमांचक फाइनल में आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया, जो अंततः टीम के लिए फायदेमंद साबित हुआ।
दिल्ली कैपिटल्स ने बनाया WPL फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर
पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवरों में 203 रन ठोक दिए, जो अब तक विमेंस प्रीमियर लीग के इतिहास में किसी भी फाइनल मुकाबले का सबसे बड़ा स्कोर है।दिल्ली की पारी में जेमिमा रोड्रिग्स ने 57 रन बनाए, जबकि लौरा वोल्वार्ड्ट ने 44 रनों की अहम पारी खेली। अंतिम ओवरों में शिनेल हेनरी ने तूफानी अंदाज़ में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 15 गेंदों पर 35 रन जड़ दिए, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।आरसीबी की ओर से गेंदबाजी में सयाली सतघरे, अरुंधती रेड्डी और नादिन डी क्लर्क ने एक-एक विकेट हासिल किया।
स्मृति मंधाना–जॉर्जिया वॉल की ऐतिहासिक साझेदारी
204 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और ग्रेस हैरिस सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद कप्तान स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वॉल ने पारी को शानदार ढंग से संभालते हुए इतिहास रच दिया।
दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 165 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी हुई। जॉर्जिया वॉल ने 79 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जबकि स्मृति मंधाना ने कप्तानी पारी खेलते हुए 87 रन बनाए।आरसीबी ने यह विशाल लक्ष्य 19.4 ओवरों में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया और WPL फाइनल में अब तक का सबसे बड़ा रनचेज भी अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दूसरी बार विमेंस प्रीमियर लीग की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
WPL 2026 Final: दोनों टीमों के स्क्वाड
दिल्ली कैपिटल्स :लिजेल ली (विकेटकीपर), शैफाली वर्मा, लौरा वोल्वार्ड्ट, जेमिमा रोड्रिग्स (कप्तान), मरिजाने केप्प, शिनेल हेनरी, निकी प्रसाद, स्नेह राणा, मिन्नू मणि, श्री चरणी, नंदिनी शर्मा, अलाना किंग, तान्या भाटिया, लुसी हैमिल्टन, प्रगति सिंह, एडडला स्रुजाना
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु : ग्रेस हैरिस, स्मृति मंधाना (कप्तान), जॉर्जिया वॉल, ऋचा घोष (विकेटकीपर), राधा यादव, नादिन डी क्लर्क, पूजा वस्त्राकर, अरुंधति रेड्डी, सयाली सतघरे, श्रेयंका पाटिल, लॉरेन बेल, लिन्से स्मिथ, दयालन हेमलता, प्रथ्योशा कुमार, गौतमी नाइक, प्रेमा रावत
