WTC 2025-27 Most Wickets: जोश टंग ने रचा इतिहास! WTC चक्र में 50 विकेट लेने वाले बने दुनिया के पहले गेंदबाज, स्टुअर्ट ब्रॉड के रिकॉर्ड पर नजरें

WTC 2025-27 Most Wickets: Josh Tong created history! Became the first bowler in the world to take 50 wickets in the WTC cycle, eyes on Stuart Broad's record
 
Josh Tong

Josh Tongue 50 Wickets in WTC 2025-27: इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोश टंग (Josh Tongue) ने लीड्स (हेडिंग्ले) में पाकिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट की पहली पारी में घातक गेंदबाजी करते हुए एक ऐतिहासिक मुकाम हासिल कर लिया है। पाकिस्तानी बल्लेबाजी को तहस-नहस करते हुए टंग ने 9.1 ओवर में 46 रन देकर 5 विकेट झटके। इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही जोश टंग मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC 2025-27) चक्र में 50 विकेट का आंकड़ा छूने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं।

10 टेस्ट में 50 विकेट

जोश टंग ने मौजूदा WTC चक्र में अब तक 10 टेस्ट मैच खेले हैं और इनमें 50 विकेट हासिल किए हैं। वह फिलहाल इस चक्र में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। विकेटों के मामले में ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क 48 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि भारत के मोहम्मद सिराज 41 विकेट लेकर तीसरे नंबर पर हैं। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स 39 विकेट के साथ चौथे और वेस्टइंडीज के जेडन सील्स 35 विकेट के साथ पांचवें स्थान पर हैं।

WTC 2025-27 में सर्वाधिक विकेट

गेंदबाज टीम विकेट
जोश टंग इंग्लैंड 50*
मिचेल स्टार्क ऑस्ट्रेलिया 48
मोहम्मद सिराज भारत 41
बेन स्टोक्स इंग्लैंड 39
जेडन सील्स वेस्टइंडीज 35

तीन बार ले चुके हैं पांच विकेट

टंग की मौजूदा WTC चक्र में यह उपलब्धि केवल उनके विकेटों की संख्या तक सीमित नहीं है। वह अब तक तीन बार एक पारी में पांच या उससे अधिक विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं। पाकिस्तान के खिलाफ पांच विकेट लेकर उन्होंने अपनी शानदार फॉर्म का एक और उदाहरण पेश किया। 50 विकेट पूरे करने के साथ टंग WTC के एक चक्र में यह आंकड़ा हासिल करने वाले इंग्लैंड के छठे गेंदबाज भी बन गए हैं।

ब्रॉड के रिकॉर्ड पर टंग की नजर

इंग्लैंड की ओर से एक WTC चक्र में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड फिलहाल पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के नाम है। ब्रॉड ने 2019-21 WTC चक्र में 17 मैचों में 69 विकेट हासिल किए थे। इंग्लैंड के लिए एक WTC चक्र में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में जेम्स एंडरसन 58 विकेट के साथ दूसरे, ओली रॉबिन्सन 53 विकेट के साथ तीसरे, गस एटकिंसन 52 विकेट के साथ चौथे और क्रिस वोक्स 51 विकेट के साथ पांचवें स्थान पर हैं।

इंग्लैंड के लिए एक WTC चक्र में सर्वाधिक विकेट

  • स्टुअर्ट ब्रॉड – 69 विकेट (2019-21)
  • जेम्स एंडरसन – 58 विकेट (2021-23)
  • ओली रॉबिन्सन – 53 विकेट (2021-23)
  • गस एटकिंसन – 52 विकेट (2023-25)
  • क्रिस वोक्स – 51 विकेट (2023-25)
  • जोश टंग – 50* विकेट (2025-27)

टंग के पास मौजूदा WTC चक्र में अभी कई मुकाबले बाकी हैं। ऐसे में यदि वह अपनी मौजूदा लय बरकरार रखते हैं तो ब्रॉड के 69 विकेट के रिकॉर्ड को चुनौती दे सकते हैं। हालांकि इसके लिए उन्हें अभी 20 विकेट और हासिल करने होंगे।

नाथन लॉयन के रिकॉर्ड से काफी दूर

WTC के किसी एक चक्र में सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज स्पिनर नाथन लॉयन के नाम है। उन्होंने 2021-23 WTC चक्र में 20 टेस्ट मैचों में 88 विकेट हासिल किए थे। टंग के लिए 50 विकेट तक पहुंचना निश्चित रूप से बड़ी उपलब्धि है, लेकिन लॉयन के रिकॉर्ड तक पहुंचने के लिए उन्हें अभी लंबा रास्ता तय करना होगा। फिलहाल उनकी नजर इंग्लैंड के लिए एक WTC चक्र में सर्वाधिक विकेट लेने वाले ब्रॉड के रिकॉर्ड पर होगी।

Tags