एंड्रॉयड स्मार्टफोन के इन 5 खास फीचर्स को आईफोन ने किया कॉपी
नई दिल्ली। अक्सर आईफोन के यूजर्स को आपने कहते सुना होगा कि आईफोन के फीचर सबसे अच्छे होते हैं। अगर आप एंड्रॉयड के यूजर्स हैं तो अब बारी आपकी है। हम आपको एंड्रॉयड स्मार्टफोन के ऐसे 5 फीचर्स के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्हें एप्पल ने अपने आईफोन में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया।
OLED डिस्प्ले
एप्पल ने दूसरे कंपनियों के मुकाबले OLED डिस्प्ले का इस्तेमाल देरी से करना शुरू किया। यही कारण भी था कि कंपनी के डिवाइस काफी महंगे आते थे। साल 2010 में OLED डिस्प्ले का इस्तेमाल सैमसंग ने करना शुरू किया था। 8 साल बात अब एप्पल ने OLED डिस्प्ले का इस्तेमाल अपने डिवाइस में करना शुरू कर दिया है। मौजूदा समय में लगभग सभी कंपनियां ओलेड डिस्प्ले का इस्तेमाल कर रही हैं लेकिन इसका सबसे पहले कई एंड्रॉयड कंपनियों जैसे वनप्लस, एलजी, एचटीसी, हुवावे, गूगल और सैमसंग ने इस्तेमाल करना शुरू किया था।
वायरलेस चार्जिंग
ओलेड डिस्प्ले की तरह ही वायरलेस चार्जिंग का भी एप्पल ने देरी से इस्तेमाल करना शुरू किया। वायरलेस चार्जिंग का सबसे पहले इस्तेमाल ‘नेक्सस 4’ स्मार्टफोन में हुआ था। इसके बाद से सैमसंग के सभी फ्लैगशिप स्मार्टफोन में वायरलेस चार्जिंग दिया जाने लगा।
वॉटर रेसिस्टेंट
सोनी सबसे पहली स्मार्टफोन कंपनी थी जिसमें वॉटर रेसिस्टेंट और डस्टप्रुफ फीचर दिया गया था। सैमसंग ने साल 2014 से अपने फ्लैगशिप फोन में इस फीचर को देना शुरू कर दिया था। वॉटर रेसिस्टेंट एक ऐसा फीचर रहा जिसकी आईफोन के यूजर्स की तरफ से सबसे ज्यादा मांग की गई। साल 2016 में एप्पल ने अपने आईफोन 7 और आईफोन 7 प्लस में वॉटर रेसिस्टेंट फीचर को शामिल किया।
फुल व्यू डिस्प्ले
आईफोन एक्स से पहले आईफोन अपने फोन में बेजल का इस्तेमाल करता था। आईफोन 6 और 6 प्लस से लेकर आईफोन 8 और आईफोन 8 प्लस तक में कंपनी ने बेजल का इस्तेमाल किया है। शाओमी पहली ऐसी कंपनी थी जिसने साल 2016 में अपने मी मिक्स फोन में एज-टू-एज डिस्प्ले का इस्तेमाल किया था।
Hey Siri वॉयस असिस्टेंट
आईफोन का Hey Siri सबसे लोकप्रिय फीचर्स में से एक है। यूजर एक वॉयस कमांड के जरिए बिना फोन को हाथ लगाए कई काम कर सकते हैं। हालांकि ये फीचर साल 2013 में सबसे पहले ‘मोटो एक्स’ में इस्तेमाल किया गया था। यह पहला फोन था जो Ok Google Now कहने पर आपकी आवाज को डिटेक्ट करता था।
