टैक्योन नेटवर्क्स लिमिटेड ने बीएसई एसएमई पर रच दिया इतिहास — बनी लखनऊ की पहली सूचीबद्ध आईटी कंपनी
Tachyon Networks Limited creates history on BSE SME - becomes Lucknow's first listed IT company
Wed, 6 Aug 2025
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी से कार्यरत टैक्योन नेटवर्क्स लिमिटेड ने भारतीय शेयर बाज़ार में एक नया अध्याय लिखते हुए बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर धमाकेदार एंट्री की है। यह लखनऊ की पहली आईटी कंपनी बन गई है, जिसने इस प्रतिष्ठित प्लेटफ़ॉर्म पर सफलतापूर्वक लिस्टिंग की है।
20 करोड़ रुपये के इनिशियल पब्लिक ऑफर (IPO) को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला और यह इश्यू 20.35 गुना ओवरसब्सक्राइब हुआ, जिससे निवेशकों के भरोसे की गवाही मिलती है। 10 बजे सुबह जैसे ही बीएसई पर कंपनी के शेयर ट्रेडिंग के लिए खुले, लखनऊ से निकली यह टेक कंपनी ने देश के कैपिटल मार्केट में आधिकारिक प्रवेश कर लिया।
लिस्टिंग सेरेमनी में बजी कामयाबी की घंटी
बीएसई के मुंबई स्थित कार्यालय में आयोजित भव्य सेरेमनी में कंपनी लीडरशिप और बीएसई के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद कॉरपोरेट वीडियो और वक्ताओं के प्रेरणादायक भाषणों ने माहौल को खास बना दिया।
सबसे प्रतीक्षित क्षण आया जब चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर मनीष कुमार शर्मा ने मंच से "गोंग बेल" बजाई — यह सिर्फ एक घंटी नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत और विश्वास की गूंज थी, जिसने टैक्योन को देश के बड़े बाजार से जोड़ दिया। इस ऐतिहासिक मौके पर कंपनी का अनुमानित मार्केट कैपिटलाइजेशन ₹78 करोड़ आंका गया है।
---
नेतृत्व की बातें — विज़न, जिम्मेदारी और विस्तार की योजना
मनीष कुमार शर्मा, चेयरमैन एवं एमडी ने इसे टीमवर्क और सभी हितधारकों के भरोसे की जीत बताते हुए कहा, "यह उपलब्धि सिर्फ एक मील का पत्थर नहीं, बल्कि उन सपनों की मंज़िल है, जो लखनऊ जैसे शहरों से निकलकर वैश्विक पहचान की ओर बढ़ते हैं।"
नीरज कुमार, होलटाइम डायरेक्टर और सीईओ ने इस लिस्टिंग को भविष्य की बड़ी जिम्मेदारियों की शुरुआत कहा, "यह हमारे लिए एक प्रेरणा है कि हम भारत के डिजिटल परिवर्तन में और भी प्रभावशाली भूमिका निभाएं।"
निखिल लक्ष्मण बुरण, सेल्स एवं स्ट्रैटेजी हेड ने लिस्टिंग को मार्केट एक्सपैंशन का नया अवसर करार देते हुए कहा, "अब हम संस्थागत ग्राहकों और सरकारी एजेंसियों तक अपनी पहुंच और मजबूत करेंगे।"
परेश गोयल, टेक्नोलॉजी हेड ने इनोवेशन और क्वालिटी को प्राथमिकता बताते हुए कहा, "हम अपने समाधानों को वैश्विक स्तर की डिलीवरी क्षमताओं तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
सीए विवेक सिंह, सीएफओ ने बताया कि आईपीओ से जुटाई गई राशि का उपयोग कर्ज कम करने, वर्किंग कैपिटल को सशक्त बनाने और विस्तार योजनाओं को गति देने में किया जाएगा।
टैक्योन नेटवर्क्स — प्रोफाइल और क्षमताएं
टैक्योन नेटवर्क्स एक एंड-टू-एंड आईटी सॉल्यूशन प्रोवाइडर है, जो सरकारी एजेंसियों से लेकर कॉरपोरेट संस्थानों तक को टेक्नोलॉजी, क्लाउड, सिक्योरिटी, नेटवर्किंग और मेंटेनेंस सेवाएं प्रदान करता है। कंपनी बीएसएनएल की नेशनल लेवल कैटेगरी में मान्यता प्राप्त सिस्टम इंटीग्रेटर है, और यूपीडेस्को, यूपीईएलसी, आईटीआई तथा यूपीआरएनएन जैसे सरकारी निकायों के साथ इंपैनल्ड है।
इसके अलावा, रकस, सोफोस, जूनिपर, हिताची, डेल, नोकिया जैसे ग्लोबल टेक ब्रांड्स के साथ इसकी पार्टनरशिप इसे तकनीकी दृष्टि से बेहद सशक्त बनाती है।
कंपनी को ISO 9001:2015, ISO 27001:2012, ISO 20000-1:2018 और CMMI लेवल-3 जैसी गुणवत्ता मान्यताएं प्राप्त हैं। साथ ही, इसे पालो अल्टो नेटवर्क्स द्वारा “गवर्नमेंट पार्टनर ऑफ द ईयर – 2022” का पुरस्कार भी मिल चुका है।
दृष्टिकोण और आगे की राह
टैक्योन का मुख्यालय लखनऊ में है और नई दिल्ली में इसका ब्रांच ऑफिस संचालित होता है। कंपनी का विज़न है — भारत को स्मार्ट और सुरक्षित डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर से सशक्त बनाना। लिस्टिंग के बाद कंपनी और अधिक व्यापक स्तर पर सरकारी व निजी क्षेत्रों को अपने आईटी सॉल्यूशंस प्रदान करने को तैयार है।
लीड मैनेजर: हेम सिक्योरिटीज लिमिटेड
रजिस्ट्रार: लिंक कैमियो कॉर्पोरेट सर्विसेज लिमिटेड
बीएसई स्क्रिप नेम: टैक्योन
